*अज्ञात वाहन की टक्कर से नंदी महाराज की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, श्रद्धालुओं में आक्रोश*
पट्टी के नंदी चौराहे पर स्थापित नंदी महाराज की प्रतिमा अज्ञात वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गई। रविवार सुबह प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नंदी महाराज की प्रतिमा की स्थापना करीब एक सप्ताह पहले विधि-विधान से की गई थी। इसके बाद से श्रद्धालु नियमित रूप से प्रतिमा के दर्शन और पूजन कर रहे थे। आशंका है कि देर रात या तड़के किसी अज्ञात वाहन ने प्रतिमा में टक्कर मार दी, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान नहीं हो सकी है।
प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घटना पर नाराजगी जताई। लोगों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही नंदी चौराहे पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौराहे पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, इसलिए प्रतिमा की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था की जानी चाहिए।