*24 अगस्त से हर ग्राम पंचायत-वार्ड में होगी ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’, 1427 प्रतिभागियों से होगा महामुकाबले का सफर*
प्रतापगढ़ डीएम की अनोखी पहल, प्रतिभाओं को मिलेगा खिताब जीतने का मौका
प्रतापगढ़ जिले में विचार, तर्क और जनसंवाद को मंच देने वाली बहुप्रतीक्षित प्रतियोगिता ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट-2026’ को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में प्रतापगढ़वासी प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के तरीके और चयन प्रक्रिया को लेकर जानकारी मांग रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता का पहला चरण 24, 25 और 26 अगस्त को जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत और वार्ड में आयोजित कराया जाएगा।
इस चरण की सबसे खास बात यह है कि इसमें कोई आयु सीमा या शैक्षिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है। प्रतियोगिता पूरी तरह ओपन रहेगी और संबंधित ग्राम पंचायत अथवा वार्ड का निवासी होना ही प्रतिभाग के लिए आवश्यक होगा। यानी गांव का युवा हो, बुजुर्ग हो, महिला हो या कोई विद्यार्थी हर व्यक्ति को अपनी बात और विचार रखने का अवसर मिलेगा।
अपने क्षेत्र में प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़ी जानकारी के लिए इच्छुक लोग ग्राम प्रधान, प्रशासक, ग्राम सचिव, पार्षद अथवा स्थानीय निकाय के कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे गूगल फॉर्म पर अपना विवरण दर्ज कराने वाले इच्छुक प्रतिभागियों से प्रशासन स्वयं संपर्क करेगा।
*1427 प्रतिभागियों से शुरू होकर ‘अजगरा अष्ट’ तक पहुंचेगा सफर*
ग्राम पंचायत और वार्ड स्तर पर होने वाले प्रथम चरण के बाद चयनित 1427 प्रतिभागी प्रतियोगिता के अगले पड़ाव में प्रवेश करेंगे। इसके बाद ब्लॉक/निकाय स्तरीय, जोन स्तरीय और जिला स्तरीय चरणों से गुजरते हुए प्रतियोगिता अंतिम आठ प्रतिभागियों तक पहुंचेगी। इन आठ प्रतिभागियों को ‘अजगरा अष्ट’ के नाम से पहचान मिलेगी।
17 सितंबर को होने वाले ग्रैंड फिनाले में यही आठ प्रतिभागी ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ के महामुकाबले में आमने-सामने होंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल विजेता चुनना नहीं, बल्कि आमजन के बीच तर्क, संवाद, विचार और लोकतांत्रिक विमर्श की संस्कृति को मजबूत करना भी माना जा रहा है।
*विजेताओं पर होगी पुरस्कारों की बारिश*
प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की गई है।
प्रथम पुरस्कार: ₹1,51,000 एवं अजगरा युधिष्ठिर सम्मान
द्वितीय पुरस्कार: ₹1,01,000 एवं अजगरा संवाद सम्मान
तृतीय पुरस्कार: ₹75,000
प्रतियोगिता के लिए अब महज 25 दिन शेष हैं। ऐसे में ‘आज का प्रश्न -मनुष्य का सबसे बड़ा भय क्या है?’ जैसे सवालों के साथ ‘द ग्रेट अजगरा डिबेट’ को लेकर जिले में बौद्धिक चर्चा का माहौल भी बनता दिखाई दे रहा है। अब नजरें 24 अगस्त से शुरू होने वाले पहले चरण पर हैं, जहां गांव-गांव और वार्ड-वार्ड से विचारों की आवाज निकलकर अजगरा के महामंच तक पहुंचने की शुरुआत होगी।