
रबी सीजन में किसानों को सुगमता से खाद उपलब्ध कराने के लिए कृषि अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित
-
वितरण केंद्रों एवं विपणन संघ गोदामों पर तैनात रहेंगे अधिकारी, प्रतिदिन करेंगे मॉनीटरिंग एवं रिपोर्टिंग
-
रबी सीजन 2026-27 के दौरान जिले के किसानों को सुगमता एवं समय पर खाद तथा उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशन में विभिन्न उर्वरक वितरण केंद्रों एवं विपणन संघ के गोदामों पर कृषि विभाग के अधिकारियों की तत्काल प्रभाव से ड्यूटी निर्धारित की गई है।
निर्धारित आदेश के अनुसार सहायक संचालक कृषि श्री अशोक कुमार शर्मा को पलेरा, जतारा एवं विपणन सहकारिता समिति जतारा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार सहायक संचालक कृषि श्रीमती नीता जैन को टीकमगढ़ एवं बड़ागांव धसान स्थित विपणन संघ गोदाम (डबललॉक) एवं बड़ोराघाट विपणन संघ गोदाम टीकमगढ़ तथा अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्रीमती प्रतिभा दुबे को खरगापुर विपणन संघ गोदाम एवं बल्देवगढ़ स्थित राजेंद्र विपणन सहकारिता समिति में खाद वितरण व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।
ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित उर्वरक वितरण दिवसों में प्रातः 10 बजे अपने-अपने कार्यस्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर खाद वितरण की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित कराएं तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें। साथ ही सभी अधिकारी रबी खाद वितरण एवं जिला उपार्जन के व्हाट्सएप ग्रुप पर प्रतिदिन की प्रगति एवं वितरण संबंधी रिपोर्टिंग सुनिश्चित करेंगे। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
इसके अतिरिक्त उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास, जिला विपणन अधिकारी, सहकारिता विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों को भी अपने अधीनस्थ समस्त शासकीय एवं निजी उर्वरक वितरण केंद्रों की निरंतर मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा रबी सीजन में किसानों को आवश्यकता के अनुसार खाद एवं उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सतत निगरानी की जा रही है।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh