
शासकीय कार्य में लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता पर हल्का पटवारी गुदनवारा श्री ब्रजेश खरे की दो वार्षिक वेतनवृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकी गईं
-
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने शासकीय कार्यों में लापरवाही, उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता बरतने पर हल्का पटवारी गुदनवारा श्री बृजेश खरे के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनकी दो वार्षिक वेतनवृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, तहसीलदार टीकमगढ़ के माध्यम से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) टीकमगढ़ द्वारा श्री खरे के विरुद्ध शासकीय कार्यों में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के संबंध में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था। इसमें उल्लेख किया गया कि श्री खरे आवंटित हल्का गुदनवारा में विगत एक वर्ष से उपस्थित नहीं हो रहे थे तथा उनका मोबाइल नंबर अधिकांश समय बंद रहता था। इससे आमजन को छोटे-छोटे कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही, उनके संपर्क में नहीं आने से राजस्व संबंधी शिकायतों का समय पर निराकरण भी नहीं हो पा रहा था। वर्तमान में हल्का गुदनवारा की कुल 21 सीएम हेल्पलाइन शिकायतें लंबित पाई गईं।
इसी प्रकार, ग्राम गुदनवारा में कुल 1068 फार्मर रजिस्ट्री लंबित होने के बावजूद बार-बार निर्देशित किए जाने के बाद भी उनके द्वारा प्रगति नहीं की जा रही थी। तहसील में प्रति सप्ताह आयोजित होने वाले साप्ताहिक बैठक में भी उनकी उपस्थिति नहीं रहती थी।
शासन की महत्वाकांक्षी स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन योजना में भी उनके द्वारा रुचि नहीं ली गई। कुल 126 प्लॉट एवं 287 बेनिफिशियरी में से मात्र 02 स्वामित्व रजिस्ट्रियां पूर्ण की गई थीं। इसके अतिरिक्त, न्यायालयीन प्रकरणों में समय-सीमा के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किए जाने से प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित रहते थे, जिसके कारण आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उक्त अनियमितताओं के संबंध में पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समयावधि में नोटिस का उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया। इस आधार पर कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 10(4) के तहत श्री बृजेश खरे की दो वार्षिक वेतनवृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकने की शास्ति अधिरोपित की है।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh