#उतरौला_डुमरियागंज_मार्ग
#Balrampur ! धीमी रफ्तार, गहरे जख्म: स्टेट हाईवे 26 पर जिंदगी दांव पर, 20 किमी में सड़क कम गड्ढे ज्यादा...
#उतरौला (#बलरामपुर)
राज्य राजमार्ग 26 (पीलीभीत-बस्ती मार्ग) पर #उतरौला से #रसूलाबाद के बीच का 20 किलोमीटर लंबा सफर राहगीरों के लिए किसी भयानक यातना से कम नहीं रह गया है। चींटी की चाल से चल रहे सड़क चौड़ीकरण के काम और जगह-जगह बने जानलेवा गड्ढों ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। शासन-प्रशासन के 'गड्ढा मुक्त सड़क' के तमाम दावे इस मार्ग पर पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं।
वर्ष 2014 में इस मार्ग का 7 मीटर चौड़ीकरण कराया गया था, लेकिन देख-रेख के अभाव में कुछ ही वर्षों में सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई। आलम यह है कि उतरौला से रसूलाबाद के बीच अब सैकड़ों छोटे-बड़े गड्ढे उभर आए हैं। आए दिन वाहन इन गड्ढों में फंस जाते हैं, जिससे घंटों लंबा जाम लग जाता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
कछुआ गति से जारी है निर्माण कार्य
सड़क को 10 मीटर चौड़ा करने का काम पिछले कई महीनों से जारी है, लेकिन कार्य प्रगति इतनी सुस्त है कि अब तक दोनों ओर पटरियों पर पत्थर पटाई का काम भी पूरा नहीं हो सका है। महीनों से पटरियों की खुदाई कर छोड़ दिए जाने से राहगीरों की परेशानी दोगुनी हो गई है। मजबूरी में लोग जान जोखिम में डालकर सफर करने को विवश हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि गड्ढों के चलते वाहनों के शाकर, बैलेंसिंग राड और टायर असमय खराब हो रहे हैं। वहीं, डॉक्टरों ने इस मार्ग पर यात्रा करने वालों को गंभीर स्वास्थ्य चेतावनियों के प्रति आगाह किया है।
रीढ़ की हड्डी और गर्दन को खतरा:
वाहन चलाते समय अचानक लगने वाले झटके और अचानक ब्रेक लगाने से व्हिप्लैश इंजरी का खतरा रहता है, जो रीढ़ की हड्डी के फ्रैक्चर तक का कारण बन सकती है।
गंभीर बीमारियों का अंदेशा
लगातार झटकों से कमर दर्द, गर्दन दर्द, और डिस्क स्लिप की समस्या बढ़ जाती है। जिन लोगों को पहले से यह शिकायत है, उनकी स्थिति बेहद नाजुक हो सकती है।
गर्भवती महिलाओं व बुजुर्गों के लिए घातक:
तेज और अप्रत्याशित झटका गर्भवती महिलाओं, हृदय रोगियों, बुजुर्गों और छोटे बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों में बदहाल सड़क और सुस्त निर्माण कार्य को लेकर गहरा आक्रोश है। जनता ने प्रशासन से जल्द से जल्द चौड़ीकरण का कार्य पूरा करने और गड्ढों की तुरंत मरम्मत कराने की मांग की है।
#balrampur #dmbalrampur #DMBalrampur #Utraula