#Balrampur ! नवसाक्षरों की मूलभूत साक्षरता व संख्याज्ञान मूल्यांकन परीक्षा संपन्न...
अक्षर ज्ञान के साथ आत्मनिर्भरता की राह पर बढ़े कदम; वयस्क शिक्षार्थियों ने दिखाई पढ़ने-लिखने व गणना में दक्षता...
दिनांक: 20 सितम्बर, 2026
#बलरामपुर। भारत सरकार के 'उल्लास–नवभारत साक्षरता कार्यक्रम' के तहत रविवार को जनपद के विभिन्न परिषदीय विद्यालयों एवं निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर नवसाक्षरों के लिए मूलभूत साक्षरता एवं संख्याज्ञान मूल्यांकन परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। इस परीक्षा के माध्यम से असाक्षर से साक्षर बन रहे वयस्क शिक्षार्थियों की पठन-लेखन और दैनिक जीवन में उपयोगी गणितीय दक्षताओं का आंकलन किया गया।
परीक्षा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए थे। केंद्रों पर पहुंचे नवसाक्षरों का अध्यापकों एवं स्वयंसेवी शिक्षकों (वोलंटियर्स) ने उत्साहवर्धन किया और परीक्षा संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
साक्षरता से मिलेगा जागरूक और सक्षम समाज
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि साक्षरता का अर्थ केवल अक्षर पहचानना नहीं, बल्कि व्यक्ति को व्यावहारिक जीवन में सक्षम बनाना है। मूलभूत पठन-लेखन और गणितीय गणना से वयस्क शिक्षार्थी न केवल दैनिक लेन-देन आसानी से कर सकेंगे, बल्कि सरकारी योजनाओं, सेवाओं तथा अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक और आत्मनिर्भर बनेंगे।
शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल
उल्लास (ULLAS) कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन वयस्कों को सीखने का दूसरा अवसर प्रदान करना है, जो बचपन में किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके थे। जनपद में अधिक से अधिक असाक्षरों को चिन्हित कर साक्षरता अभियान से जोड़ा जा रहा है, ताकि एक पूर्णतः साक्षर, जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सके।
#balrampur #dmbalrampur #DMBalrampur