सूर्यपुरा के अलीगंज गांव में निर्माणाधीन बलिहार पंचायत सरकार भवन की छत पर पानी जमा, ईंट बिछाकर मरम्मत पर ग्रामीणों के सवाल
सूर्यपुरा प्रखंड के बलिहार पंचायत में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन की नई बनी छत पर पानी जमा होने के बाद उसके ऊपर बालू से लेवल कर सीमेंट की ईंट बिछाकर मरम्मत किए जाने का मामला सामने आया है। भवन का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है और इसका हैंडओवर भी नहीं हुआ है। ऐसे में नई छत पर दोबारा ईंट बिछाकर मरम्मत किए जाने को लेकर ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर दर्जनों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के पहुंचने के बाद वहां काम कर रहे मुंशी और मिस्त्री काम बंद कर इधर-उधर चले गए। मौके पर मौजूद एक मजदूर ने बताया कि मालिक और मुंशी के आदेश के अनुसार ही काम किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नई बनी छत पर पानी जमा होने के बाद उसके ऊपर बालू डालकर लेवल करना और फिर ईंट बिछाना जांच का विषय है। बता दें कि इससे पहले भी पंचायत सरकार भवन में लगाए जा रहे टाइल्स की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया था। इसके बाद टाइल्स को बदलकर बेहतर गुणवत्ता के टाइल्स लगाए गए। अब छत पर हो रही मरम्मत को लेकर ग्रामीणों ने एक बार फिर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाया है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग की है।