बिक्रमगंज के रमन डिहरा में नहर में डूबने से बच्ची की मौत,झूर विसर्जन के दौरान बहीं तीन बच्चियां, दो को ग्रामीणों ने बाचाया
बिक्रमगंज प्रखंड के रमन डिहरा गांव में कर्मा-धर्मा पर्व की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बुधवार सुबह 6 बजे झूर विसर्जन के लिए गईं तीन बच्चियां नहर की तेज धार में बह गईं। ग्रामीणों ने जल्दी से दो बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन 12 वर्षीय गुड़िया कुमारी का पता नहीं चल सका। कुछ घंटे की तलाश के बाद उसका शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर नहर से बरामद किया गया। बताया गया कि रमन डिहरा गांव की कुछ बच्चियां कर्मा-धर्मा पर्व पर गांव के पास स्थित नहर में झूर विसर्जन करने गई थीं। इसी दौरान नहर की तेज धार की चपेट में आने से तीनों बच्चियां बहने लगीं।
बच्चियों को पानी में बहते देख ग्रामीणों ने शोर मचाया और तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों की काफी कोशिशों से दो बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, सुनील सिंह की 12 वर्षीय बेटी गुड़िया कुमारी तेज बहाव में गुम हो गई।गुड़िया का शव मिलने के बाद परिजनों में मातम छा गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा बनाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया गया। हादसे के बाद मृतका के घर में रोने-धोने का माहौल है और पूरे रमन डिहरा गांव में मातम पसरा है।