बिक्रमगंज प्रखंड का डीडीसी ने किया औचक निरीक्षण, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बिक्रमगंज में रोहतास जिले की उप विकास आयुक्त,आकांक्षा आनंद ने बुधवार को बिक्रमगंज प्रखंड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालय में संचालित विभिन्न विभागों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान घुसियाखुर्द पंचायत स्थित बायोगैस प्लांट का भ्रमण करने के बाद प्रखंड कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, वीबी-ग्रामजी, आईसीडीएस, सामाजिक सुरक्षा एवं पंचायती राज विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। डीडीसी ने कार्यालय अभिलेखों का समुचित संधारण, कर्मियों एवं पदाधिकारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का अधिक से अधिक लोगों को लाभ दिलाने के लिए ग्राम सभा, सहयोग शिविर और पंचायत विकास दिवस सहित अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया। वहीं अधूरे आवासों को शीघ्र पूरा कराने, लाभार्थियों को भूमि का दखल-कब्जा दिलाने और भूमिहीन लाभार्थियों को भूमि उपलब्ध कराने को कहा गया। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत महादलित टोलों में शौचालय निर्माण के लिए जीविका के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने तथा लंबित सामुदायिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों का निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों की समीक्षा में 13 केंद्रों के लिए भूमि का अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने की जानकारी दी गई। डीडीसी ने निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने और जर्जर भवनों की मरम्मत कराने को कहा। डीडीसी ने कृषि विज्ञान केंद्र का भी भ्रमण किया। यहां वैज्ञानिक तरीके से कृषि, पशुपालन, बकरी पालन, हेचरी, धान एवं ड्रैगन फ्रूट की खेती का अवलोकन किया। इसके अलावा नोनहर गांव स्थित अमृत सरोवर का निरीक्षण कर वीबी-ग्रामजी के तहत पौधारोपण एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।