नासरीगंज प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
रोहतास जिला पदाधिकारी रोहतास दीपक कुमार मिश्रा ने बुधवार को नासरीगंज प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आरटीपीएस काउंटर पर पहुंचकर आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सरकारी सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त आवेदनों, लंबित मामलों और कर्मियों की उपस्थिति की समीक्षा की।
डीएम ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रमाण-पत्र सहित अन्य लोक सेवाओं से जुड़े आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं के लिए आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े और किसी भी स्तर पर बेवजह विलंब नहीं हो।
निरीक्षण के दौरान परिमार्जन एवं म्यूटेशन के लंबित मामलों की भी जानकारी ली गई। डीएम ने अंचलाधिकारी को नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया। अभियान बसेरा की समीक्षा में 60 के लक्ष्य के विरुद्ध 20 लाभुकों से संबंधित कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई। शेष लक्ष्य को भी निर्धारित समय में पूरा करने को कहा गया।
स्थानीय लोगों ने विद्युत कटौती और बिजली आपूर्ति की समस्या से डीएम को अवगत कराया। इस पर उन्होंने संबंधित विद्युत अधिकारियों को आपूर्ति व्यवस्था में आवश्यक सुधार का निर्देश दिया। सड़क किनारे लंबे समय से खड़ी गाड़ियों की समस्या पर खनन पदाधिकारी, एसडीओ एवं सीओ को समन्वय कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।