रोहतास के नासरीगंज में नवनिर्मित प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का डीएम ने किया निरीक्षण
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने और समय-सीमा में शेष कार्य पूरा कराने का निर्देश
रोहतास जिले के नासरीगंज प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के नवनिर्मित भवन में चल रहे निर्माण कार्य का बुधवार को जिला पदाधिकारी रोहतास दीपक मिश्रा एवं अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार बिक्रमगंज ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने भवन के विभिन्न हिस्सों का जायजा लेते हुए निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और अब तक पूरे किए गए कार्यों की जानकारी ली। निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से शेष कार्यों की स्थिति और उसे पूरा करने में लगने वाले समय के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री और अपनाए जा रहे तकनीकी मानकों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि भवन निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कराने तथा निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने को कहा। डीएम ने निर्माण एजेंसी को शेष कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी और प्रगति की समीक्षा करने को कहा गया। साथ ही निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
नवनिर्मित प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन के पूर्ण होने के बाद नासरीगंज क्षेत्र के लोगों को प्रखंड एवं अंचल से जुड़े कार्यों के निष्पादन में बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। व्यवस्थित कार्यालय संचालन से आम लोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी।