#बलरामपुर ! धनतेरस-दीपावली को लेकर #उतरौला में पुलिस का फ्लैग मार्च, एसपी ने संभाली सुरक्षा की कमान...
बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अराजकतत्वों को दी सख्त चेतावनी...
बलरामपुर)। धनतेरस और दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोमवार को पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ कस्बा उतरौला में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने प्रमुख बाजारों, सर्राफा मार्केट और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
एसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पटेलनगर, सुभाषनगर, रफीनगर सहित प्रमुख बाजारों और सर्राफा मार्केट का भ्रमण किया। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए सुझाव भी लिए। एसपी ने लोगों से त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजकतत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और प्रशासन का सहयोग करने की बात कही।
एसपी ने बताया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। भीड़भाड़ एवं संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाहें फैलाने और भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों पर साइबर एवं सोशल मीडिया सेल की विशेष नजर रहेगी।
फ्लैग मार्च के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उतरौला सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
#balrampurpolice #BalrampurPolice
Balrampur, Balrampur | Nov 2, 2026