#Balrampur ! सरस मेले में दिखा ग्रामीण महिलाओं का हुनर, उत्पादों को मिलेगा संस्थागत बाजार...
शिक्षा और पंचायती राज विभाग ने स्वयं सहायता समूहों से उत्पाद खरीदने के लिए किया एमओयू, तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ...
#बलरामपुर। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को एमपीपी इंटर कॉलेज परिसर में तीन दिवसीय सरस मेला–2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। दो से चार नवंबर तक आयोजित इस मेले में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपने हाथों से तैयार स्थानीय उत्पादों के आकर्षक स्टॉल लगाए हैं।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में आयोजित मेले में ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए मंच मिला है। मेले का मुख्य आकर्षण शिक्षा एवं पंचायती राज विभाग के साथ हुआ समझौता ज्ञापन (एमओयू) रहा। इसके तहत दोनों विभाग स्वयं सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों की खरीद को बढ़ावा देंगे। इससे समूहों के उत्पादों को संस्थागत बाजार मिलने के साथ महिलाओं के लिए नियमित आय के नए अवसर विकसित होंगे।
मेले में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आई स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए हैं। यहां उन्हें सीधे ग्राहकों तक पहुंचने, बाजार की मांग समझने और अपने व्यवसाय को विस्तार देने का अवसर मिल रहा है।
शुभारंभ अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मेले में चार चांद लगा दिए। विभिन्न प्रस्तुतियों के जरिए स्थानीय कला, संस्कृति और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया गया।
सरस मेले के माध्यम से प्रशासन का प्रयास ग्रामीण महिलाओं को केवल स्वरोजगार से जोड़ना ही नहीं, बल्कि उनके उत्पादों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाना भी है। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे चार नवंबर तक एमपीपी इंटर कॉलेज में आयोजित मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें और महिलाओं के हुनर व मेहनत को प्रोत्साहित करें।