#Balrampur ! दीपावली से पहले पटाखा दुकानों पर पुलिस का शिकंजा, सीओ ने की औचक जांच...
मथुरा बाजार में दुकान का निरीक्षण कर परखी सुरक्षा व्यवस्था, मानकों की अनदेखी पर कार्रवाई की चेतावनी...
#बलरामपुर। दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने पटाखा दुकानों की निगरानी तेज कर दी है। सोमवार को क्षेत्राधिकारी ललिया ने मथुरा बाजार में संचालित पटाखा दुकान का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान दुकान के लाइसेंस, अग्निशमन उपकरणों और पानी की उपलब्धता की जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में हुए निरीक्षण के दौरान सीओ ने दुकानदार को पर्याप्त मात्रा में पानी से भरी बाल्टियां, बालू और चालू हालत में अग्निशामक यंत्र रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखा दुकानें प्रशासन द्वारा निर्धारित खुले स्थानों पर ही लगाई जाएं और दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाए।
सीओ ने चेतावनी दी कि बिना वैध लाइसेंस पटाखों की बिक्री करने और निर्धारित मानकों से अधिक आतिशबाजी का भंडारण करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को दुकान के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं जुटने देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।
क्षेत्राधिकारी ने आमजन से दीपावली का त्योहार खुशियों और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा बरतने और बच्चों को अभिभावकों की देखरेख में ही पटाखे छुड़ाने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान चौकी प्रभारी मथुरा बाजार मौजूद रहे।