#Balrampur ! विकास भवन में अव्यवस्थाओं पर डीएम सख्त, फरियादियों से सीधे पूछा हाल...
कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर...
#बलरामपुर। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सोमवार को विकास भवन का निरीक्षण कर विभिन्न विभागीय कार्यालयों की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में पहुंचे फरियादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जनशिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले किसी भी व्यक्ति को अपने काम के लिए अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक फरियादी की समस्या गंभीरता से सुनकर उसका पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी और संवेदनशीलता से निर्वहन करने की हिदायत दी। साथ ही कार्यालय कक्षों और परिसर में नियमित साफ-सफाई रखने, पत्रावलियों को व्यवस्थित रखने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
डीएम ने विकास भवन परिसर में संचालित मॉडल प्रेरणा कैंटीन का भी निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खानपान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभागीय कार्यालयों में जनहित के कार्य प्राथमिकता से किए जाएं, ताकि आमजन को पारदर्शी और समयबद्ध सेवाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता मौजूद रहे।
#dmbalrampur