फर्रुखाबाद में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 13 लीटर कच्ची शराब व 220 किलो लहन बरामद
फर्रुखाबाद। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी फर्रुखाबाद के निर्देश पर जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 09 सितंबर 2026 को जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने स्टाफ के साथ कायमगंज क्षेत्र के संदिग्ध ग्राम ममापुर में दबिश दी।
दबिश के दौरान टीम ने 13 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा 220 किलोग्राम लहन बरामद किया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत 03 अभियोग पंजीकृत किए गए।
इसके अलावा टीम ने देशी शराब दुकान धमगवां, बरझाला, फैजबाग तथा कंपोजिट शॉप बरझाला और फैजबाग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, POS मशीन से बिक्री और CCTV कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। देशी शराब दुकानों की कैंटीन की भी सघन जांच की गई।
आबकारी विभाग ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान भी किया गया और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
विभाग के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी जारी रहेगी और अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
जन हुंकार न्यूज़ — जनता की आवाज़, सच के साथ।
#फर्रुखाबाद #आबकारीविभाग #अवैधशराब #कायमगंज #UPNews
Bilgram, Hardoi | Sep 10, 2026