सड़क बनाई, पुलिया बनाना भूले जिम्मेदार; पहली ही बरसात में बाढ़ के पानी से कटी सड़क, आवागमन ठप
हरदोई। फदनापुर–जम्हौरा के बीच गर्रा नदी पर बने नए पुल के चालू हुए अभी महज चार महीने ही हुए हैं, लेकिन पहली ही बरसात में पुल से जुड़ी सड़क की स्थिति बदहाल हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण के दौरान पानी की निकासी के लिए जरूरी पुलिया नहीं बनाई गई। इसके चलते बारिश और बाढ़ का पानी सड़क के नीचे से तेज बहाव के साथ गुजरा और सड़क पूरी तरह कट गई।
सड़क कटने के कारण फदनापुर और जम्हौरा के बीच आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की उचित व्यवस्था की गई होती तो पहली ही बरसात में यह स्थिति पैदा नहीं होती।
महज चार महीने में सड़क के कट जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कर सड़क कटने के कारणों की जांच कराने और जल्द से जल्द स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके।
#हरदोई #गर्रानदी #फदनापुर #जम्हौरा #पुल #सड़क #जनसमस्या #आवागमन #विकास #बाढ़
Bilgram, Hardoi | Sep 11, 2026