गौशाला में चारे की कमी से पशुओं की हालत खराब, लापरवाही के आरोप
हरदोई। विकासखंड अहिरोरी क्षेत्र की ग्राम पंचायत खांडाखेड़ा स्थित गौशाला में अव्यवस्थाओं का मामला सामने आया है। मौके पर पर्याप्त भूसा और चारा उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई है। चारे की कमी के चलते गौशाला में संरक्षित पशुओं की हालत खराब बताई जा रही है। वहीं, कुछ पशुओं की मृत्यु होने की भी जानकारी सामने आई है।
मौके पर साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं दिखाई दी। गौशाला परिसर में गंदगी और चारे की कमी को लेकर व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। गौशाला में कार्यरत टेकर के अनुसार, मौके पर पर्याप्त मात्रा में भूसा और चारा उपलब्ध नहीं है, जिससे पशुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर ग्राम प्रधान और सचिव पर पर्याप्त ध्यान नहीं देने के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पशुओं के लिए चारा, पानी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।
मामले में संबंधित अधिकारियों से गौशाला का स्थलीय निरीक्षण कर पशुओं के लिए पर्याप्त भूसा, चारा और पानी उपलब्ध कराने के साथ साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की गई है। साथ ही पशुओं की मृत्यु के कारणों की जांच कर यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग उठ रही है।
Bilgram, Hardoi | Sep 11, 2026