ब्रजेश पाठक के गृह नगर में बिजली कटौती से हाहाकार, मल्लावां पावरहाउस के जेई के खिलाफ प्रदर्शन
हरदोई। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जहां बिजली आपूर्ति को सरकार की उपलब्धियों के रूप में लगातार गिना रहे हैं, वहीं उनके गृह नगर मल्लावां और आसपास के क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी सामने आई है। अघोषित बिजली कटौती और फाल्ट ठीक करने में हो रही देरी से परेशान नागरिकों ने मल्लावां पावरहाउस के जेई के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति लगातार प्रभावित हो रही है। आए दिन होने वाली बिजली कटौती और फाल्ट के बाद उसे ठीक करने में घंटों लगने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उमस और गर्मी के बीच बिजली की आंख-मिचौली ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
इसी समस्या को लेकर नाराज नागरिक मल्लावां पावरहाउस पहुंचे और जेई के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने "मल्लावां जेई चोर है" जैसे नारे भी लगाए। प्रदर्शनकारियों ने बिजली व्यवस्था में सुधार और फाल्ट को समय से दुरुस्त कराने की मांग की।
लोगों का कहना है कि एक ओर सरकार प्रदेश में बेहतर बिजली आपूर्ति के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर मल्लावां और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जमीनी स्थिति इन दावों से अलग दिखाई दे रही है। नागरिकों ने जिम्मेदार अधिकारियों से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की निगरानी बढ़ाने और अघोषित कटौती पर अंकुश लगाने की मांग की है।
Bilgram, Hardoi | Sep 11, 2026