*जनता की समस्याओं का हो त्वरित निवारण: जिला पदाधिकारी, सिवान*
*जिलाधिकारी सिवान ने सिवान सदर प्रखंड में जनप्रतिनिधियों से किया सीधा संवाद, विकास, योजनाओं की हुई समीक्षा*
सिवान, 10 सितंबर, 2026
आज दिनांक 10.09.2026 को श्री विजय प्रकाश मीणा, भा.प्र.से. जिला पदाधिकारी सिवान प्रखंड कार्यालय सिवान सदर पहुंचे, जहां प्रखंड प्रमुख श्रीमती आरती देवी और प्रखंड विकास पदाधिकारी सिवान सदर ने पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।
डीएम ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि सिवान सदर प्रखंड लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र 18, 105 विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है। जिसकी आबादी 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 2 लाख है। यहां 18 पंचायत 18 मुखिया और 24 बीडीसी सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि 18 पंचायत सरकार भवन अंतर्गत 07 कार्यरत और शेष निर्माणाधीन है। दो पंचायत में पी एस भवन निर्माण हेतु भूमि की जमाबंदी रद्द करने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
बैठक के दौरान डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचें और जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमलोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालय आते हैं, इसलिए उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने तथा नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने सिवान सदर में विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने हेतु सभी को संकल्पित होकर कार्य करने को कहाl
जनप्रतिनिधियों ने सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित पंचायत स्तर की विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने शिकायत करते हुए कहा कि दाखिल खारिज में और परिमार्जन में विलंब हो रहा है। अतिक्रमण और जलजमाव संबंधी मुद्दों को भी जनप्रतिनिधि गण द्वारा उठाया गया। कुछ विद्यालयों में कमरों की संख्या में कमी की तरफ भी ध्यान आकृष्ट कराया गया। कुछ जनप्रतिनिधियों ने शिकायत में कहा कि कुछ विद्यालयों में शिक्षक हाजिरी बनाकर चले जा रहे हैं जिससे पठन पाठन पर असर पड़ता है।
जिला पदाधिकारी ने सभी की मांगों और शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई तथा लंबित कार्यों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना है।
इस अवसर पर मुखियागण तथा विभिन्न क्षेत्रों के पंचायत समिति सदस्य आदि सहित प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
प्रभारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सिवान।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#siwan
11 views | Siwan, Bihar | Sep 10, 2026