प्रकाशोत्सव दीपावली पर भी अंधेरे में डूबा ग्राम सिहारू, एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी नहीं बदला गया फुंका ट्रांसफार्मर
हरदोई। एक ओर जहां पूरा देश प्रकाशोत्सव दीपावली की खुशियां मना रहा है, वहीं इटौली विद्युत उपकेंद्र से जुड़े ग्राम सिहारू के ग्रामीण बिजली के अभाव में अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। गांव का विद्युत ट्रांसफार्मर फुंके एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक उसे बदला नहीं गया है। इससे ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव का ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पिछले सात दिनों से अधिक समय से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर भी गांव में रोशनी की व्यवस्था नहीं हो पा रही है। बिजली न होने से जहां घरों में त्योहार की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं, वहीं बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा के जरूरी कामकाज में भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने 3 नवंबर को इटौली विद्युत उपकेंद्र के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर खराब ट्रांसफार्मर को जल्द बदलवाने की मांग की थी। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर ग्राम सिहारू में नया ट्रांसफार्मर लगवाया जाए, ताकि दीपावली के पर्व पर ग्रामीणों को बिजली संकट से राहत मिल सके।