हरदोई के रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़, 32 कंपनियों ने लिया हिस्सा; 1278 अभ्यर्थियों का चयन
हरदोई। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को सीएसएन डिग्री कॉलेज, लखनऊ चुंगी में जनपद स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मिशन के अंतर्गत आयोजित इस एक दिवसीय मेले में 32 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में करीब 3015 अभ्यर्थियों ने रोजगार पाने के लिए आवेदन किया, जिनमें से साक्षात्कार के बाद 1278 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट एवं चयनित किया गया।
रोजगार मेले में एलआईसी, वीजी प्राइवेट लिमिटेड, जेपी प्राइवेट लिमिटेड, डीसीएम शुगर मिल हरियावां, एशियन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, टूकॉम और क्वेस कॉर्प सहित 32 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों को कंपनी में उपलब्ध कार्य, वेतन और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी।
इसके बाद इच्छुक अभ्यर्थियों ने कंपनियों द्वारा निर्धारित आवेदन पत्र भरकर लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार में भाग लिया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1278 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट एवं चयनित किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के आबकारी एवं मद्य निषेध राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला सेवायोजन अधिकारी ने रोजगार मेले के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
रोजगार मेले के सफल आयोजन में जिला सेवायोजन कार्यालय के मुनेन्द्र कुमार, निशात अंसारी, श्रवण कुमार गुप्ता, अल्का वर्मा, अमिता सिंह, राजेश्वर दयाल, हरिशंकर, पवन कुमार और औसाफ हुसैन सहित आईटीआई एवं सीएसएन कॉलेज के कर्मचारियों ने सहयोग प्रदान किया।