हरदोई में तीन दिवसीय सरस मेले का शुभारंभ, मंत्री नितिन अग्रवाल ने किया उद्घाटन; लगाए गए 25 स्टॉल
हरदोई। दीपावली के अवसर पर स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को तीन दिवसीय जनपद स्तरीय सरस मेले का शुभारंभ हुआ। श्रीशचन्द्र बारात घर में आयोजित मेले का उद्घाटन प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए।
इस अवसर पर राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने आमजन से मेले में पहुंचकर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने से महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी और उनकी आजीविका के साथ आत्मनिर्भरता भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं के सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने में भी सक्षम हो रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए सरस मेले के माध्यम से एक बेहतर मंच मिला है।
उपायुक्त एनआरएलएम निशांत राय ने बताया कि मेला 4 से 6 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। मेले में ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार दीपावली के दीये, मोमबत्तियां, खाद्य सामग्री और सजावटी सामान सहित विभिन्न उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि मेले में कुल 25 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें 19 स्टॉल विकास खंडों के स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित किए जा रहे हैं, जबकि अन्य स्टॉल जिला उद्योग केंद्र, आईसीटी, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए हैं।
कार्यक्रम में सदस्य विधान परिषद अशोक अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।