हरदोई में 60 बाल एवं किशोर श्रमिक कराए गए मुक्त, 16 बच्चों का हुआ शैक्षिक पुनर्वासन
बाल श्रम के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश, निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए जमा हुए 7.02 करोड़ रुपये
हरदोई। जनपद में बाल एवं बंधुआ श्रम उन्मूलन और श्रमिकों के कल्याण को लेकर गुरुवार को विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में दो महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बाल/बंधुआ श्रम उन्मूलन समिति और जिला स्तरीय श्रम बन्धु समिति की बैठकों में श्रमिकों के हितों और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक जनपद के 42 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 60 बाल एवं किशोर श्रमिकों को चिन्हित कर अवमुक्त कराया गया। इनमें 52 बालक और 8 बालिकाएं शामिल हैं। चिन्हित श्रमिकों में 11 खतरनाक तथा 49 गैर-खतरनाक कार्यों में लगाए गए थे। वहीं, शैक्षिक पुनर्वासन के तहत अब तक 16 बच्चों का पुनर्वासन कराया जा चुका है।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाल श्रम के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जाए। बाल श्रमिकों की पहचान कर उन्हें तत्काल अवमुक्त कराया जाए और उनके परिवारों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर बच्चों का प्रभावी पुनर्वासन सुनिश्चित किया जाए।
इसके बाद आयोजित जिला स्तरीय श्रम बन्धु समिति की बैठक में औद्योगिक शांति, सेवायोजकों और श्रमिकों के बीच बेहतर संबंध तथा श्रमिकों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में श्रम उपकर संग्रहण के लिए निर्धारित 16.11 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 7.02 करोड़ रुपये जमा कराए जा चुके हैं। इसके अलावा निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए प्राप्त 260 आवेदन पत्रों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण किया गया है।
सीडीओ ने श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा, श्रम कानूनों का प्रभावी अनुपालन, निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण और नवीनीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र श्रमिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए औद्योगिक शांति और श्रमिक कल्याण सुनिश्चित करें।
बैठक में उप जिलाधिकारी अंकित तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात कुमार, परिवहन विभाग के अशोक कुमार मौर्य, अधिशासी अभियंता (आरआईडी), सहायक श्रम आयुक्त सत्यवीर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Nov 5, 2026