Public App Logo
Profile Picture

The Hardoi Samachar

@thehardoisamachar
863Followers
0Following
गंगा नदी में बहती दिखीं 15 से 20 भैंसें, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

हरदोई/कन्नौज। हरदोई-कन्नौज बॉर्डर पर मेहंदी घाट के पास गंगा नदी में 15 से 20 भैंसों के बहकर जाते हुए दिखाई देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कई भैंसें गंगा के तेज बहाव में एक साथ बहती नजर आ रही हैं।

वीडियो सामने आने के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि भैंसें गंगा नदी में कैसे पहुंचीं और वे किस स्थान से बहकर आईं, इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हो सकी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, नदी के बहाव को देखते हुए यह भी स्पष्ट नहीं है कि भैंसें स्वयं नदी में उतरीं या किसी अन्य कारण से पानी के बहाव में पहुंचीं। मामले में संबंधित पशु मालिकों की जानकारी भी सामने नहीं आई है।

रिपोर्ट—देवेन्द्र सिंह

<nis:link nis:type=tag nis:id=hardoinews nis:value=hardoinews nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=hardoi nis:value=hardoi nis:enabled=true nis:link/> <nis:link nis:type=tag nis:id=हरदोई nis:value=हरदोई nis:enabled=true nis:link/>
हरदोई में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारी शुरू, फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

हरदोई। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना के लिए जनपद हरदोई में तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोमवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, हरदोई में नामित फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम और द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती दीपाली भार्गव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए प्रश्नावली की सभी बारीकियों को समझें और उसे भरने का पर्याप्त अभ्यास करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान आने वाली प्रत्येक शंका और प्रश्न का समाधान अवश्य किया जाए, ताकि आगे प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को सही तरीके से प्रशिक्षित किया जा सके।

इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा नामित जिला प्रभारी श्री विनय कुमार वर्मा भी मौजूद रहे।

प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले फील्ड ट्रेनर्स चार्ज स्तर पर तहसील और नगर निकायों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। जनगणना के द्वितीय चरण में प्रगणक 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर आवंटित गणना ब्लॉक के प्रत्येक परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित 40 प्रश्नों की प्रश्नावली मोबाइल ऐप के माध्यम से भरेंगे।

इसके बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक रिवीजनल राउंड आयोजित किया जाएगा। वहीं, 4 जनवरी 2027 की शाम के बाद रात्रि में बेघरों की गणना भी की जाएगी।

जनगणना के द्वितीय चरण में भी लोगों को वेब पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की स्वगणना करने की सुविधा मिलेगी। स्वगणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 के बीच की जा सकेगी।
UPI पर MDR की आहट से व्यापारियों में आक्रोश, प्रधानमंत्री के नाम भेजा मांग-पत्र

हरदोई। UPI ट्रांसफर पर MDR (Merchant Discount Rate) लागू किए जाने की प्रस्तावित व्यवस्था को लेकर व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने प्रधानमंत्री के नाम जिलाधिकारी हरदोई के माध्यम से 12 सूत्रीय मांग-पत्र भेजकर व्यापारियों को राहत देने की मांग की है।

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अब्बाद हुसैन ने कहा कि 10 हजार रुपये तक के UPI ट्रांसफर को MDR से पूरी तरह मुक्त रखा जाए। साथ ही MDR की न्यूनतम सीमा 2 हजार रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये और मासिक अधिकतम सीमा एक लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये किए जाने की मांग की गई।

व्यापारियों ने कहा कि UPI भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लागू होने से छोटे और कम मार्जिन वाले कारोबारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ सकता है। मांग-पत्र में किराना, मेडिकल, कपड़ा सहित छोटे व्यवसायों के लिए विशेष राहत देने और डिजिटल भुगतान को हतोत्साहित न करने वाली नीति बनाने की मांग की गई।

इस दौरान अनोज मिश्रा, गजेंद्र सिंह, हरि प्रताप सिंह, गौरी सिंह गौर, दुर्गेश गुप्ता, मनीष चौहान, नीरज द्विवेदी, कमलेश अवस्थी, अमर रस्तोगी, सुरनाथ अवस्थी, प्रसून शुक्ला, इशरत अली, फहीम सिद्दीकी, मुन्ना पासवान, शिवसेवक गुप्ता, राजीव सिंह सिंपल सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट—देवेन्द्र सिंह
काशीराम कॉलोनी के बदहाल हालात देख भड़के सपा नेता रामज्ञान गुप्ता

हरदोई। काशीराम कॉलोनी में जलभराव, कीचड़, गंदगी और जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर से बदहाल हालात को लेकर सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने मोर्चा खोला। सोमवार को उन्होंने कॉलोनी का दौरा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। मौके पर जलभराव और गंदगी के साथ दुर्गंध से लोग परेशान नजर आए।

सपा नेता ने आरोप लगाया कि कॉलोनी की कई इमारतें जर्जर हो चुकी हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं से अवगत होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। यदि कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

रामज्ञान गुप्ता ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के विकास के दावे और धरातल की स्थिति में अंतर दिखाई दे रहा है। उन्होंने किसान, छात्र, बिजली, व्यापारियों समेत आम जनता से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए सरकार को घेरा।

उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का काम करेगी। इस दौरान उन्होंने नारा दिया, “भाजपा जाएगी तभी, खुशहाली आएगी।”

रिपोर्ट—देवेन्द्र सिंह
तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपती को मारी टक्कर, महिला की मौत

हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र में जगदीशपुर के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपती को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया।

फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र निवासी राकेश सिंह अपनी पत्नी अनीता सिंह (28) के साथ हरदोई के सरैया गांव में साधु शेखर के बेटे के नामकरण संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान जगदीशपुर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

हादसे में अनीता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।

अनीता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनके पीछे दो बेटे और एक बेटी हैं। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट—देवेन्द्र सिंह
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थी बच्चों का बैंक खाता और आधार लिंक कराना अनिवार्य

हरदोई। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के सभी लाभार्थी बच्चों के अभिभावकों से बच्चों के नाम से बैंक खाता खुलवाकर उसे आधार कार्ड से लिंक कराने की अपील की गई है। जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार निगम की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि योजना के तहत मिलने वाली आगामी किस्त की धनराशि आधार आधारित डीबीटी के माध्यम से बच्चों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

विभाग के अनुसार लाभार्थी बच्चों के नाम से बैंक खाता खुलवाने के साथ ही बच्चों के आधार कार्ड से बैंक खाते को लिंक कराना आवश्यक है। इसके बाद एनपीसीआई और डीबीटी की प्रक्रिया पूरी की जानी है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी ने सभी संबंधित अभिभावकों से आगामी दो दिनों के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि योजना की आगामी किस्त की धनराशि सीधे बच्चों के बैंक खातों में भेजी जा सके।

विभाग ने अभिभावकों से इस कार्य को अत्यंत आवश्यक समझते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
ट्रेडिंग बिजनेस में निवेश के नाम पर 1.25 करोड़ की ठगी का आरोप, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

हरदोई/बिलग्राम। ट्रेडिंग बिजनेस में निवेश के नाम पर करीब 1.25 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शुभम दीक्षित की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने निवेश की गई 100 प्रतिशत रकम वापस करने की गारंटी का भरोसा दिलाकर लोगों से लाखों रुपये लिए। रकम निवेश करने के बाद जब उसे वापस मांगने का प्रयास किया गया तो आरोपियों की ओर से टालमटोल की जाने लगी।

शुभम दीक्षित के मुताबिक उसने करीब 21.50 लाख रुपये निवेश किए थे। इसके अलावा लखीमपुर के तीन युवकों से करीब 22 लाख रुपये और आयुष दीक्षित से लगभग 50 लाख रुपये लिए जाने का भी दावा किया गया है। शिकायतकर्ता ने अन्य लोगों से भी बड़ी रकम लिए जाने का आरोप लगाया है।

पीड़ित के अनुसार उसने मामले से संबंधित व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्डिंग, वीडियो और लेनदेन की हिस्ट्री पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट—देवेन्द्र सिंह
जनसमस्याओं को लेकर किसानों का हल्लाबोल, सांडी ब्लॉक परिसर में भारतीय किसान मजदूर यूनियन दशहरी का धरना

हरदोई/सांडी। भारतीय किसान मजदूर यूनियन दशहरी के बैनर तले सोमवार को किसानों ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सांडी ब्लॉक परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और प्रशासन से समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।

धरना-प्रदर्शन के दौरान किसानों ने क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। किसानों का कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से कई समस्याएं बनी हुई हैं, जिनके समाधान को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों और जनसमस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगा।

धरना-प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारी, किसान और क्षेत्रीय ग्रामीण मौजूद रहे। प्रदर्शन को देखते हुए ब्लॉक परिसर में पुलिस-प्रशासन की भी नजर रही।
दिव्यांग युवा शक्ति संगठन ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

हरदोई। दिव्यांग युवा शक्ति संगठन की टीम ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर बैनर के साथ प्रदर्शन किया और संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान संगठन ने दिव्यांगजनों से जुड़ी तीन प्रमुख मांगें उठाईं। संगठन की मांग है कि दिव्यांग शिक्षकों के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण पर रोक लगाई जाए। इसके साथ ही लंबे समय से रुकी हुई दिव्यांग पेंशन तत्काल जारी करने तथा पेंशन राशि को 1000 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग की गई।

संगठन ने सभी दिव्यांग भाई-बहनों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, अंत्योदय राशन कार्ड बनाए जाने तथा नौकरी और रोजगार में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षण बढ़ाने की भी मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान दिव्यांग युवा शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस पार्टी के दिव्यांग प्रकोष्ठ के हरदोई जिलाध्यक्ष एहसानुल हक के साथ श्याम सुंदर, जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार, मो. सालिम, पंकज कुमार, राजेश कुमार, शिवलखन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए और उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई होनी चाहिए।
भारतीय किसान यूनियन धरतीपुत्र छात्र सभा में दीपक शुक्ला को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी

हरदोई। भारतीय किसान यूनियन धरतीपुत्र (छात्र सभा) अराजनैतिक संगठन ने हरदोई निवासी दीपक शुक्ला को प्रदेश महामंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष पं. अनुराग मिश्रा की ओर से जारी मनोनयन-पत्र के माध्यम से उनकी नियुक्ति की गई है।

मनोनयन-पत्र के अनुसार दीपक शुक्ला पुत्र श्री रामशंकर शुक्ला, निवासी करौंदी, पोस्ट पचकोहरा हरदोई को संगठन में प्रदेश महामंत्री के पद पर मनोनीत किया गया है। संगठन ने उनके सामाजिक लगाव और किसानों के प्रति रुचि को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी है।

नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री से उम्मीद जताई गई है कि वह अपने क्षेत्र के किसान भाइयों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करेंगे और संगठन की नीतियों एवं किसान हितों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

संगठन की ओर से कहा गया है कि किसान भाइयों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। मनोनयन के बाद दीपक शुक्ला के समर्थकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तालाब में डूबी 13 वर्षीय किशोरी की मौत, गांव में मचा कोहराम

हरदोई/सुरसा। थाना क्षेत्र के सहुतेरा गांव में रविवार शाम करीब पांच बजे दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोरी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा है।

जानकारी के अनुसार, सुशील की 13 वर्षीय पुत्री साधना रविवार शाम खेत की ओर गई थी। खेत के पास स्थित तालाब के किनारे अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण तालाब में पानी काफी अधिक था।

किशोरी के तालाब में गिरने की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उसे बचाने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन गहरे पानी के कारण उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। काफी प्रयासों के बाद किशोरी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि साधना के पिता चंडीगढ़ में मजदूरी करते हैं और घटना के समय वह वहीं थे। साधना का तीन वर्ष का छोटा भाई अमरेंद्र है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से किशोरी के शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के बाद सहुतेरा गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बांसा में 8 अक्टूबर को होगा ऐतिहासिक महादंगल, देश-विदेश के पहलवान दिखाएंगे दमखम

मल्लावां। आदर्श ग्राम पंचायत बांसा में 8 अक्टूबर, दिन गुरुवार को ब्रजरानी इंटर कॉलेज के पास ऐतिहासिक महादंगल का आयोजन किया जाएगा। दंगल का शुभारंभ दोपहर 2 बजे से होगा। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह है।

आयोजकों के अनुसार महादंगल में नेपाल के लकी थापा, हरियाणा के काला बादल, फकीर बाबा, पंजाब के शैतान सिंह सहित देश-विदेश के चर्चित पहलवान प्रतिभाग करेंगे। इसके अलावा महिला एवं पुरुष पहलवान भी दंगल में अपने कुश्ती कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन में कई प्रसिद्ध यू-ट्यूबरों के भी पहुंचने की जानकारी दी गई है।

आयोजक ग्राम प्रधान सम्पूर्णानन्द "पूनम सिंह" ने क्षेत्रवासियों से महादंगल में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कुश्ती मुकाबलों का आनंद लेने की अपील की है।
मांगों को लेकर सवायजपुर में लेखपालों का प्रदर्शन, 17 अक्टूबर से काम बंद करने की चेतावनी

हरदोई/सवायजपुर। सवायजपुर तहसील परिसर में लेखपालों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। लेखपालों ने एसडीएम शिवानी सिंह को ज्ञापन सौंपकर वर्षों से लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। संघ ने मांगों का समाधान न होने पर 17 अक्टूबर से प्रदेशभर में काम बंद करने की चेतावनी दी है।

लेखपाल संघ का कहना है कि बढ़ते कार्यभार, संसाधनों की कमी, लंबित पदोन्नति, वेतन विसंगति और अतिरिक्त ड्यूटी के कारण लेखपालों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब 10 वर्षों से ग्रेड पे 2800 किए जाने और वेतन विसंगति दूर करने की मांग लंबित बताई गई।

संघ के अनुसार, पिछले आठ वर्षों से अंतरमंडलीय तबादले नहीं हुए हैं, जिसके कारण करीब 2700 लेखपाल अपने घरों से दूर तैनात हैं। इसके अलावा पदोन्नति सूची 2025-26 और वर्ष 2024 की विभागीय परीक्षा का परिणाम भी लंबित होने की बात कही गई।

लेखपालों ने पिछले 16 वर्षों से भत्तों में बढ़ोतरी न होने पर भी नाराजगी जताई। ज्ञापन में पटल से अवमुक्ति, ग्राम सचिवालयों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित करने सहित विभिन्न मांगें उठाई गईं।

प्रदर्शन के दौरान तहसील अध्यक्ष महेश चंद्र राजपूत और मंत्री अभिषेक कुमार द्विवेदी ने लंबित मांगों को लेकर नाराजगी जताई। एसडीएम शिवानी सिंह ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

रिपोर्ट: देवेन्द्र सिंह
अज्ञात वाहन की टक्कर से बंदर की मौत, दो भाइयों ने निभाया इंसानियत का फर्ज

राहुल पांडेय और उज्जवल पांडेय ने अन्य लोगों के साथ मिलकर किया बंदर का अंतिम संस्कार

हरदोई। अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बंदर की मौत हो गई। सड़क किनारे मृत पड़े बंदर को देखकर राहुल पांडेय और उनके भाई उज्जवल पांडेय ने इंसानियत का परिचय देते हुए अन्य लोगों के साथ मिलकर उसका अंतिम संस्कार किया।

बताया गया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बंदर की मौत हो गई थी। घटना के बाद बंदर काफी देर तक सड़क किनारे पड़ा रहा। इसकी जानकारी होने पर राहुल पांडेय और उज्जवल पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने अन्य लोगों के सहयोग से मृत बंदर को वहां से हटाया और विधि-विधान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया।

इस दौरान दोनों भाइयों के इस कार्य की लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना था कि बेजुबान जीव की मृत्यु के बाद उसके प्रति सम्मान और संवेदना दिखाना इंसानियत का परिचय है। राहुल पांडेय और उज्जवल पांडेय ने अपने इस प्रयास से न केवल अपना सामाजिक दायित्व निभाया, बल्कि जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी दिया।
हरदोई के रसखान प्रेक्षागृह में गूंजा ‘रश्मिरथी’, कर्ण के किरदार ने मोहा दर्शकों का मन

हरदोई। भारतेन्दु नाट्य अकादमी, जिला प्रशासन एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को रसखान प्रेक्षागृह में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की कालजयी कृति ‘रश्मिरथी’ पर आधारित नाटक का भव्य मंचन किया गया। नाटक के मंचन के दौरान कर्ण के संघर्ष, स्वाभिमान, पराक्रम और दानशीलता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष हरदोई सुख सागर मिश्र मधुर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि ‘रश्मिरथी’ केवल एक काव्य रचना नहीं, बल्कि जीवन दर्शन है। कर्ण का चरित्र यह संदेश देता है कि संसाधनों के अभाव के बावजूद मनुष्य अपने पराक्रम, स्वाभिमान और दानशीलता के बल पर महान बन सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन युवाओं को साहित्य और भारतीय संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भारतेन्दु नाट्य अकादमी के कलाकारों ने कर्ण, कृष्ण, कुंती, दुर्योधन और परशुराम जैसे प्रमुख पात्रों को मंच पर जीवंत कर दिया। नाटक का निर्देशन मानवेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने किया। मंचन के दौरान ‘कृष्ण की चेतावनी’ और ‘कर्ण-कुंती संवाद’ जैसे दृश्यों ने दर्शकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। इन दृश्यों के दौरान पूरा प्रेक्षागृह तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन भी पहुंचे और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। मंचन के उपरांत सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी परियोजना निदेशक डीआरडीए अशोक कुमार रहे। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी दीपांकर चौधरी, संस्कृति विभाग के अधिकारी समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, साहित्य प्रेमी, अधिवक्ता, पत्रकार, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

दर्शकों ने ‘रश्मिरथी’ के मंचन की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि हरदोई जैसे जनपद में उच्च स्तरीय साहित्यिक एवं सांस्कृतिक नाटकों का आयोजन कला और साहित्य के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाने की दिशा में सराहनीय पहल है।
14 किलो अवैध गांजा और घटना में प्रयुक्त कार के साथ चार आरोपी गिरफ्तार

हरदोई। अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरदोई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सुरसा पुलिस तथा सर्विलांस/एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 14 किलोग्राम अवैध गांजा और घटना में प्रयुक्त एक अदद कार बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 को थाना सुरसा पुलिस तथा सर्विलांस/एसओजी टीम ने कार्रवाई करते हुए पंकज पुत्र संतोष निवासी मोह चौक थाना मिश्रिख, जनपद सीतापुर, नितिन पुत्र लज्जाराम निवासी अहमपुरवा पाण्डेय नगर थाना कोतवाली शहर, सीतापुर, शिवा पुत्र श्रीराम निवासी पटसनी बालामऊ थाना कछौना, हरदोई तथा शालू उर्फ शालिनी पत्नी रामनाथ निवासी विश्वनाथपुर देवगवां कुतुबनगर थाना मिश्रिख, सीतापुर को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 किलोग्राम अवैध गांजा तथा घटना में प्रयुक्त एक कार बरामद की है। बरामदगी के संबंध में थाना सुरसा में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में पंकज, नितिन और शालू उर्फ शालिनी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य संबंधित तथ्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।

रिपोर्ट- दिव्यांका पटेल
गहरे पानी में जिंदगी और मौत से जूझ रहा था नंदी, पत्रकार सूरज तिवारी ने ग्रामीणों संग चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

प्रशासन के इंतजार में नहीं रुके कदम, रस्सी के सहारे गहरे पानी से नंदी को सुरक्षित निकाला बाहर

हरदोई/मल्लावां। थाना मल्लावां क्षेत्र के नेवादा परस गांव में जलभराव के बीच इंसानियत और संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली। गांव के बाहर पुल के पास गहरे पानी में एक नंदी कई घंटों से फंसा हुआ जिंदगी के लिए जूझ रहा था। पानी की गहराई अधिक होने के कारण उसे बाहर निकालना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।

नंदी के गहरे पानी में फंसे होने की जानकारी स्थानीय पत्रकार सूरज तिवारी को मिली। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक मदद का इंतजार किए बिना ग्रामीणों के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। नंदी की जान बचाने के लिए शिवम कुशवाहा, विशाल कुशवाहा, अजय सैनी, हिमांशु कुशवाहा, हरीराम यादव समेत कई ग्रामीण मौके पर जुट गए।

ग्रामीणों ने जोखिम उठाते हुए रस्सी की मदद से नंदी को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मेहनत रंग लाई और गहरे पानी में फंसे नंदी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान ग्रामीणों की एकजुटता और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते किए गए सामूहिक प्रयास से नंदी की जान बचाई जा सकी। घटना ने यह भी संदेश दिया कि संकट की घड़ी में सामूहिक प्रयास और मानवीय संवेदना किसी जीव की जिंदगी बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है।
शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप, युवक हिरासत में

हरदोई/शाहाबाद। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने एक युवक पर शादी का भरोसा देकर करीब दो वर्षों तक संबंध बनाए रखने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी युवक सरफराश को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

युवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया था। इसी भरोसे के चलते दोनों के बीच करीब दो वर्षों तक संबंध रहे। युवती का आरोप है कि जब उसने युवक से शादी करने के लिए कहा तो उसने कथित तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया।

शादी से इनकार किए जाने के बाद युवती ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सरफराश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- देवेंद्र सिंह
भाजपा सरकार आरक्षण चोर, वोट चोर और चंदा-चढ़ावा चोर है: जितेंद्र वर्मा

मल्लावां। 159 बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्र के मल्लावां ब्लॉक के ग्राम ऊंचागांव में समाजवादी पार्टी के युवा नेता सत्यम पटेल और सौरभ पटेल के नेतृत्व में पीडीए पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ‘जीतू पटेल’ बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

पीडीए पंचायत को संबोधित करते हुए जितेंद्र वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने का संकल्प ले लिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और टिकटों का बंटवारा पीडीए के फार्मूले के तहत समान भागीदारी के आधार पर किया जाएगा।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती में 19 हजार दलितों और पिछड़ों के हिस्से की नौकरियां अन्य लोगों को दे दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आरक्षण चोर, वोट चोर और चंदा-चढ़ावा चोर है।

जितेंद्र वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में पढ़े-लिखे युवाओं को नौकरी और रोजगार नहीं मिल रहा है। सरकार ने युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में दलित उत्पीड़न, महिला उत्पीड़न, कस्टोडियल डेथ, संगठित अपराध, चोरी-डकैती, हत्या और बलात्कार जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिसकर्मियों, अधिवक्ताओं और पत्रकारों की भी बड़ी संख्या में हत्याएं हुई हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जाएगा तथा विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि लैपटॉप, लोहिया आवास और कन्याधन समेत समाजवादी पार्टी सरकार की पुरानी योजनाओं को फिर से लागू किया जाएगा। साथ ही उत्तर प्रदेश की महिलाओं को हर साल 50 हजार रुपये देने की बात कही।

कार्यक्रम में अजय प्रताप सिंह, सार्वेंद्र यादव, सत्यम पटेल, सौरभ पटेल, रामचंद्र पटेल, प्रशांत पटेल, संदीपक पटेल, शाहबाज खान, सौरभ वर्मा, मोहम्मद नावेद खान, ओसामा इराकी, दीपक कुमार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन की हरदोई इकाई का सम्मेलन संपन्न
  हरदोई। शहर के जेडी लॉन एंड रेस्टोरेंट में रविवार को अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन की हरदोई इकाई का सम्मेलन एवं विश्व फार्मासिस्ट दिवस समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फार्मासिस्टों के हितों और उनकी भूमिका को लेकर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि वर्तमान उत्तर प्रदेश सरकार को शेड्यूल-के को समाप्त करने तथा फार्मासिस्ट प्रैक्टिस रेगुलेशन एक्ट-2015 को प्रदेश में लागू करने की दिशा में कदम उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे फार्मासिस्टों को उनका सम्मान और अधिकार मिल सकेगा। उन्होंने ‘जहां दवा, वहां फार्मासिस्ट’ का नारा भी दिया।
विशिष्ट अतिथि प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विवेक यादव ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वस्थ समाज की नींव का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्टों का सम्मान और उनके अधिकार उन्हें मिलना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अमन दुबे ने की। इस दौरान ईशान हुसैन, वारिस अली, सोमेश मिश्रा, जितेंद्र शुक्ला, महेंद्र मिश्रा, अंकुर गुप्ता, अक्षतानन्द मिश्रा, इंद्रजीत विश्वास, विवेक पाल, अमित राठौर, ऋषभ मिश्रा, निखिल त्रिवेदी, कमल पाठक, राहुल वाजपेई सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में फार्मासिस्ट साथी मौजूद रहे।
किराए के मकान में मिला आतिशबाजी का जखीरा, करीब 10 लाख रुपये का पटाखा बरामद

माधौगंज। दिवाली से पहले माधौगंज पुलिस ने अवैध रूप से आतिशबाजी के भंडारण और निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आबादी के बीच स्थित एक किराए के मकान पर छापा मारा। पुलिस की कार्रवाई में मकान से करीब 10 लाख रुपये कीमत की भारी मात्रा में आतिशबाजी बरामद होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि मकान को किराए पर लेकर उसमें बड़ी मात्रा में आतिशबाजी का जखीरा रखा गया था। आबादी के बीच भारी मात्रा में पटाखे मिलने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बरामद आतिशबाजी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मकान में आतिशबाजी का भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था और इसके लिए आवश्यक अनुमति एवं लाइसेंस लिए गए थे या नहीं। मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
सांडी-हरदोई मार्ग पर पिकअप की टक्कर से 18 वर्षीय युवक की मौत, दो दोस्त गंभीर घायल

सांडी। सांडी-हरदोई मार्ग पर चचरापुर गांव के पास रविवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा ईंट भट्ठे के सामने उस समय हुआ, जब सामने से आ रही पिकअप डाला ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सांडी के घुमाव सरायमुल्लागंज निवासी हर्षित मिश्रा (18) पुत्र शशिकांत मिश्रा अपने दोस्तों अंशुल पुत्र शैलेंद्र निवासी पुनिया थाना लोनार और ऋषभ पुत्र संजय निवासी मलवा थाना लोनार के साथ बाइक से हरदोई गया था। रविवार शाम तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। चचरापुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही पिकअप डाला ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चला रहा हर्षित उछलकर कई फीट दूर जा गिरा। वहीं पीछे बैठे अंशुल और ऋषभ भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची डायल-112 की पीआरवी ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

सीएचसी में चिकित्सक ज्ञानेंद्र ने जांच के बाद हर्षित को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत में अंशुल और ऋषभ को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

रिपोर्ट- देवेंद्र सिंह
समाज सेवा विकास पार्टी ने की संगठनात्मक नियुक्ति, सवायजपुर से शिवम सिंह प्रत्याशी घोषित

हरदोई। समाज सेवा विकास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर कुलदीप सिंह राठौड़ ने जनपद में संगठन को लेकर महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। पार्टी की ओर से अंकित सिंह भदौरिया को हरदोई सदर विधानसभा का सहप्रभारी नियुक्त किया गया है।

वहीं, पार्टी ने 154 विधानसभा क्षेत्र सवायजपुर से शिवम सिंह को विधानसभा प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी नेतृत्व के अनुसार इन नियुक्तियों के माध्यम से विधानसभा स्तर पर संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों को गति देने का प्रयास किया जा रहा है।

पार्टी की ओर से की गई घोषणा के बाद स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ने की बात कही गई है।
कार्यक्रम में बुलाकर पत्रकार से मारपीट का आरोप, पुलिस पर भी सवाल

हरदोई। काशिमपुर थाना क्षेत्र के कहली गौसगंज में मेला-नौटंकी कार्यक्रम के दौरान स्थानीय पत्रकार प्रियांशु सोनी से मारपीट का मामला सामने आया है। पत्रकार ने प्रधान पुत्रों पर कार्यक्रम में बुलाकर कथित रूप से जबरन शराब पिलाने और इसके बाद मारपीट करने का आरोप लगाया है।

पीड़ित का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने के बाद उसे ही हिरासत में लिया गया और थाने में भी मारपीट की गई। बाद में रात में उसे छोड़ दिया गया। घटना को लेकर पत्रकार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस की जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप, पुलिस से कार्रवाई की मांग

हरदोई। हरियावां ब्लॉक क्षेत्र के माझिया गांव निवासी सन्नू सिंह पुत्र सुरेश सिंह ने गांव के ही रवि प्रकाश सिंह पुत्र दलगंजन सिंह पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने और बांका लेकर घर पर हमला करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी कथित तौर पर कई बार बांका लेकर उसके घर पहुंच चुका है, जिससे परिवार में भय का माहौल है।

सन्नू सिंह के मुताबिक, आरोपी रवि प्रकाश सिंह पूर्व में भी विवाद कर चुका है और उसे तथा उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता है। पीड़ित का आरोप है कि मामले को लेकर वह कई बार पुलिस को शिकायत पत्र दे चुका है, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

शिकायत पत्र में पीड़ित ने बताया है कि 30 सितंबर 2026 को भी उसने पुलिस से शिकायत की थी। उसने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने तथा अपने और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

पीड़ित का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उसके या उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। मामले में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई और दोनों पक्षों का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। 
 नोट- वीडियो में गालियों अपशब्दों का प्रयोग है कृपया अपनी जिम्मेदारी पर ही देखें