जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में सुनीं 81 शिकायतें, अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश
हरदोई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान कुल 81 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने जूम के माध्यम से अधिकारियों की उपस्थिति की जांच की। इस दौरान कुछ अधिकारियों के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक अधिकारी जनसुनवाई में उपस्थित रहकर आमजन की शिकायतें सुनें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का नियमानुसार प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।