गोसवा डोंगा में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य समापन, भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
हरदोई। संडीला विकासखंड की ग्राम सभा गोसवा डोंगा में कुंवर वीरेंद्र सिंह राजा मल्हेरा के संरक्षण में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का बुधवार को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर कन्या पूजन, कन्या भोज और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।
कथा के अंतिम दिन संडीला ब्लॉक प्रमुख कुमार वीरेंद्र सिंह सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सात दिनों तक चली कथा में श्रद्धालुओं ने व्यासपीठ से श्रीमद्भागवत का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
कथावाचक व्यास रवि शंकर द्विवेदी एवं पंडित सूर्या शास्त्री ने महाभारत के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। भगवान श्रीकृष्ण के सुदर्शन चक्र, हनुमान जी द्वारा अहंकार का नाश तथा द्रौपदी चीरहरण जैसे प्रसंगों के माध्यम से भक्ति, विनम्रता, धर्म और सदाचार का संदेश दिया गया।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख कुमार वीरेंद्र सिंह ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ ही नैतिक मूल्यों, सामाजिक सद्भाव और आपसी एकता को मजबूत करते हैं।
समापन अवसर पर विधि-विधान से कन्या पूजन एवं कन्या भोज कराया गया। इसके बाद विशाल भंडारे में खीर सहित विभिन्न प्रसाद वितरित किए गए। ग्रामीणों के साथ ही राहगीरों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने भी प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिसकर्मियों की तैनाती भी रही।
आयोजनकर्ता विवेक सिंह एवं बबलू श्रीवास्तव ने कथा में शामिल संत-महात्माओं, अतिथियों, श्रद्धालुओं, ग्रामवासियों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। सात दिवसीय आयोजन के समापन पर गोसवा डोंगा सहित आसपास के क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।