गुनसेज के उच्च माध्यमिक व मध्य विद्यालय का एसडीओ ने किया निरीक्षण
दिनारा प्रखंड के गुनसेज स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं मध्य विद्यालय का मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी में दर्ज छात्र-छात्राओं की संख्या के अनुरूप विद्यालय में विद्यार्थी उपस्थित नहीं मिले। इस पर एसडीओ ने संबंधित प्रधानाध्यापक को छात्र-छात्राओं की नियमित एवं वास्तविक उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया।
वहीं, मध्य विद्यालय गुनसेज में मध्याह्न भोजन योजना की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। एसडीओ ने प्रधानाध्यापक को मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में तत्काल सुधार करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
एसडीओ ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।