रोहतास की पंचायतों में लगा सहयोग शिविर, 15,396 आवेदनों में 14,502 का हुआ निष्पादन
रोहतास जिले की विभिन्न पंचायतों में मंगलवार को आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंचायतवार सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवेदनों का संबंधित विभागों द्वारा निष्पादन किया गया।
रोहतास प्रखंड के समहुता पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने की। इस दौरान अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी ललित भूषण रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी डेहरी नीलेश कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी विनय प्रताप समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
शिविर में पात्र लाभुकों के बीच विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं प्रोत्साहन राशि का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभुकों को आवास की चाबी तथा आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। युवा एथलीट एवं कांस्य पदक विजेता पीयूष राज श्रीवास्तव को भी जिला पदाधिकारी ने सम्मानित किया।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि पंचायतों में विशेष अभियान चलाकर शिक्षा, जन्म प्रमाण-पत्र, नल-जल, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, भूमि परिमार्जन एवं भूमि मापी समेत विभिन्न मामलों के आवेदन प्राप्त किए गए थे। जिले में सहयोग शिविरों एवं ऑनलाइन माध्यम से अब तक 15,396 आवेदन मिले हैं, जिनमें 14,502 का निष्पादन किया जा चुका है। शेष आवेदनों पर समय-सीमा के भीतर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन एवं शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शिविर में स्वास्थ्य, श्रम संसाधन, शिक्षा सहित कई विभागों के कैंप भी लगाए गए।