रोहतासगढ़ रोपवे निर्माण स्थल का डीएम ने किया निरीक्षण
सासाराम। जिला पदाधिकारी रोहतास दीपक कुमार मिश्रा ने मंगलवार को रोहतासगढ़ रोपवे निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रोपवे निर्माण की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और सुरक्षा मानकों की जानकारी ली। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी आवश्यक तकनीकी परीक्षण एवं सुरक्षा जांच में सफल होने के बाद ही रोपवे को पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन रोपवे को नई तकनीक और संशोधित डिजाइन के आधार पर तैयार किया जाएगा। आईआईटी पटना की तकनीकी जांच एवं प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर रोपवे के पिलरों के निर्माण की प्रक्रिया में आवश्यक बदलाव किए गए हैं। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा आईआईटी की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद कंसल्टेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कंसल्टेंसी नियुक्त होने के बाद तकनीकी दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पहाड़ी नदी का भी जायजा लिया। ग्रामीणों ने नदी का पानी गांवों में आने की शिकायत की। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।