बड़ी खबर -
चीरबासा में फिर दरका पहाड़, मलबे-पत्थरों से केदारनाथ पैदल मार्ग बंद,
लगातार गिर रहे पत्थरों से बढ़ा खतरा, सोनप्रयाग-गौरीकुंड में रोके गए यात्री; मौसम सामान्य होने तक आवाजाही पर रोक,
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा पर एक बार फिर पहाड़ी खतरा मंडरा गया है। चीरबासा हेलीपैड के समीप शुक्रवार रात हुई वर्षा के बाद पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर गिरने से केदारनाथ पैदल मार्ग पुनः अवरुद्ध हो गया। संवेदनशील क्षेत्र में लगातार पत्थर और मलबा गिरने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सोनप्रयाग और गौरीकुंड से आगे पैदल यात्रा फिलहाल रोक दी है। मार्ग को खोलने के लिए मौके पर राहत एवं बचाव से जुड़ी टीमें सक्रिय हैं।
शुक्रवार रात हुई बारिश के बाद चीरबासा हेलीपैड के समीप अचानक पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर पैदल मार्ग पर आ गिरे। इससे मार्ग पर आवाजाही बाधित हो गई। क्षेत्र में वर्षा जारी रहने के कारण पहाड़ी से दोबारा पत्थर और मलबा गिरने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन किसी तरह का जोखिम लेने के बजाय यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित कर रहा है।
मार्ग बाधित होने की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित कनिष्ठ अभियंता और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गुप्तकाशी को तत्काल अवगत कराया। इसके बाद मार्ग की स्थिति का जायजा लेते हुए मलबा और पत्थर हटाने का काम शुरू किया गया। हालांकि लगातार बारिश के कारण कार्य में भी चुनौती बनी हुई है। प्रशासन की टीम मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
चीरबासा का यह क्षेत्र पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। बीते शुक्रवार को भी पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण पैदल मार्ग बाधित हुआ था। कुछ ही समय बाद फिर से मार्ग पर मलबा आने से यात्रा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। बार-बार हो रही इस घटना ने केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि चीरबासा हेलीपैड के समीप पैदल मार्ग फिलहाल खतरनाक बना हुआ है। लगातार पत्थर और मलबा गिरने की संभावना को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत पैदल आवाजाही नियंत्रित की जा रही है। उन्होंने बताया कि केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों को फिलहाल सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोका गया है। #facebookviral #kedarnath #rudraprayag #landslide #rain #weather #yatra #viral #instagram