केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण से पहले एसपी निहारिका तोमर ने परखी व्यवस्थाएं!! रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड तक यात्रा मार्ग का किया स्थलीय निरीक्षण, पार्किंग और शटल व्यवस्था का लिया जायजा, मानसून से प्रभावित मार्गों को दुरुस्त रखने के निर्देश,
केदारनाथ धाम यात्रा-2026 के द्वितीय चरण को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने शनिवार को रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग और गौरीकुंड तक पूरे यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्किंग स्थलों, शटल व्यवस्था और मानसून के दौरान प्रभावित हुए मार्गों की स्थिति परखी और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सीतापुर, सोनप्रयाग समेत विभिन्न पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर वहां वाहनों के संचालन, पार्किंग क्षमता और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्थायी एवं शटल पार्किंग स्थलों की व्यवस्थाओं को भी देखा। एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था किसी भी स्थिति में प्रभावित न हो और श्रद्धालुओं को अनावश्यक जाम अथवा अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।
मानसून के दौरान लगातार बारिश से यात्रा मार्ग के कई हिस्सों में मलबा और पत्थर आने से उत्पन्न परिस्थितियों का भी एसपी ने जायजा लिया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा मलबा और पत्थर आने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए। अवरुद्ध मार्गों को जल्द खोलने और प्रभावित हिस्सों पर आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।