डंपर खाई में गिरा, चालक की मौत; SDRF ने बरामद किया शव!!
भिकियासैंण के मोहान से करीब 10 किलोमीटर पहले कुमेरिया डेन रिजॉर्ट के पास एक डंपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने गहरी और दुर्गम खाई में सर्च अभियान चलाकर चालक का शव बरामद किया और रोप की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
थाना भतरोजखान से एसडीआरएफ पोस्ट भिकियासैंण को सूचना मिली कि कुमेरिया डेन रिजॉर्ट के समीप एक डंपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है और उसका चालक लापता है। सूचना मिलते ही अपर उप निरीक्षक सुंदर सिंह बोरा के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने के बाद टीम ने आसपास के क्षेत्र में चालक की तलाश शुरू की। सर्च अभियान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त डंपर के चालक का शव गहरी खाई में दिखाई दिया। खाई बेहद दुर्गम होने के कारण एसडीआरएफ जवानों ने रोप की सहायता से सावधानीपूर्वक नीचे उतरकर शव को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय डंपर में केवल चालक ही सवार था। दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
मृतक की पहचान जसवंत सिंह (36), पुत्र गोपाल सिंह, निवासी ग्राम जाजर, तहसील चौखुटिया, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है। हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है।