बारिश में मकान की छत भरभराकर गिरी, बाल-बाल बचा परिवार
अल्मोड़ा जनपद की रानीखेत तहसील के पाखुड़ा गांव में लगातार बारिश के बीच रविवार तड़के एक मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मकान के अंदर परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन आनन-फानन में घर से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बताया गया कि घटना सुबह करीब चार बजे हुई। बारिश के कारण मकान की हालत पहले से ही कमजोर बताई जा रही थी। अचानक छत का एक हिस्सा ढहने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
वहीं, मकान के गोठ (पशुशाला) में मलबे के नीचे मवेशी दब गए। ग्रामीणों और परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और मकान का स्थलीय निरीक्षण कर क्षति का आकलन कराने की मांग की है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए ग्रामीणों ने आसपास के जर्जर मकानों को लेकर भी चिंता जताई है।