बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत छात्राओं को किया जागरूक, बाल विवाह के खिलाफ दिलाई गई शपथ
लखीसराय। महिला एवं बाल विकास निगम लखीसराय के तत्वावधान में संकल्प: हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से बुधवार को चानन प्रखंड के उच्च विद्यालय मननपुर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को बाल विवाह, महिला सुरक्षा, बालिका शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत संगीत शिक्षिका जागृति राठौर ने गीत प्रस्तुत कर की। इस दौरान छात्राओं ने बाल विवाह और अपनी सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने जवाब दिया।
महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना का उद्देश्य बालिकाओं के अस्तित्व की रक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कौशल विकास और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह सामाजिक कुरीति के साथ-साथ कानून का उल्लंघन भी है। इसके कारण बालिकाओं के विकास और तरक्की के अवसर प्रभावित होते हैं। उन्होंने समाज के सभी लोगों से इस कुप्रथा के खिलाफ एकजुट होकर जागरूकता फैलाने की अपील की।
वहीं, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने सखी वन स्टॉप सेंटर की जानकारी देते हुए बताया कि घरेलू हिंसा से प्रभावित महिलाओं एवं किशोरियों को एक ही छत के नीचे स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा, मनोसामाजिक परामर्श, कानूनी सहायता और अल्पकालीन आश्रय उपलब्ध कराया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्रा संजना कुमारी ने बाल विवाह रोकथाम को लेकर सभी छात्राओं को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई। अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक हिमांशु शेखर ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया।
मौके पर लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, शारीरिक शिक्षक दिनेश कुमार, शिक्षिकाएं विनीता कुमारी, जूली कुमारी, प्रतिमा कुमारी सहित छात्राएं अर्चना, चांदनी, प्रीति, काजल और मीना कुमारी समेत दर्जनों छात्राएं मौजूद थीं।