हवाई हमले और ब्लैकआउट से बचाव का अभ्यास, आर. लाल कॉलेज मैदान में हुई मॉकड्रिल
छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेटों, आपदा मित्रों और आम नागरिकों को सिखाए गए आपात स्थिति से निपटने के तरीके
लखीसराय। नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी को लेकर शुक्रवार को लखीसराय के आर. लाल कॉलेज मैदान में द्वितीय नागरिक सुरक्षा हवाई हमला एवं ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया।
गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर आयोजित इस मॉकड्रिल में जिला अग्निशमन पदाधिकारी एवं उनकी टीम ने हवाई हमले, ब्लैकआउट और अग्निकांड जैसी आपात स्थितियों से बचाव के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
इस दौरान आर. लाल कॉलेज के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेटों, आपदा मित्रों, होमगार्ड जवानों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया। अग्निशमन टीम ने प्रतिभागियों को बताया कि हवाई हमले की स्थिति में किस प्रकार सुरक्षित स्थान पर पहुंचना है, ब्लैकआउट के दौरान किन सावधानियों का पालन करना है और आग लगने की स्थिति में किस तरह खुद को सुरक्षित रखते हुए बचाव कार्य करना है।
मॉकड्रिल के माध्यम से लोगों को यह भी समझाया गया कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय संयम और सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है। साथ ही विभिन्न आपदा प्रबंधन एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे आपातकालीन परिस्थितियों में जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और खुद जागरूक बनकर दूसरों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।