निर्वाचन साक्षरता क्लब के तहत निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित, छात्र-छात्राओं ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
लखीसराय। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से छात्र-छात्राओं को मतदान एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अनुमंडल कार्यालय, लखीसराय के सभागार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने निर्वाचन साक्षरता क्लब से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अन्य कर्मियों को दी। इस अवसर पर सभागार परिसर में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें लखीसराय के विभिन्न उच्च विद्यालयों से विद्यालय स्तर पर चयनित छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे उत्साह और मनोयोग के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लब की मूल भावना को समझना और इसके प्रति समाज में जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में जागरूक मतदाताओं की अहम भूमिका होती है।