विद्यालयों में बच्चों की कम उपस्थिति पर डीएम ने जताई चिंता, जर्जर कमरों की मरम्मत का दिया निर्देश
पिपरिया प्रखंड के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्र का किया औचक निरीक्षण, पेयजल व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर
लखीसराय। जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने गुरुवार को पिपरिया प्रखंड के मोहनपुर स्थित उच्च विद्यालय, मध्य विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति और उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
उच्च विद्यालय मोहनपुर के निरीक्षण के दौरान डीएम ने पेयजल व्यवस्था की स्थिति देखी और विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं, मध्य विद्यालय मोहनपुर में कुछ कमरों की जर्जर स्थिति पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र मरम्मत कराने को कहा। विद्यालय में बच्चों की कम उपस्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए शिक्षकों को अभिभावकों से संपर्क कर विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए थीम आधारित कक्षाओं के संचालन पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक दिन पढ़ाए जाने वाले विषयों की जानकारी विद्यार्थियों को पहले से देने तथा चेतना सत्र को रोचक और ज्ञानवर्धक बनाने का निर्देश दिया। चेतना सत्र में नैतिक शिक्षा, सामान्य ज्ञान और प्रेरणादायक प्रसंगों को शामिल करने पर बल दिया।
इसके बाद डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों से बातचीत की और उन्हें चॉकलेट वितरित की। उन्होंने सेविका एवं सहायिका को बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने तथा अधिक से अधिक बच्चों को केंद्र से जोड़ने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों का शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बेहतर वातावरण और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं सुनिश्चित करना जरूरी है।