पीआईबी के मीडिया वार्तालाप कार्यक्रम की तैयारी तेज, डीएम और एसपी ने की समीक्षा
आयोजन स्थल, सुरक्षा व्यवस्था और लॉजिस्टिक सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
लखीसराय। प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) की ओर से लखीसराय सहित चयनित जिलों में आयोजित होने वाले मीडिया वार्तालाप कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर जिला पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने की। इस दौरान कार्यक्रम के आयोजन स्थल, आधारभूत सुविधाओं, प्रशासनिक समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले मीडिया प्रतिनिधियों एवं अतिथियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, ध्वनि व्यवस्था सहित अन्य जरूरी लॉजिस्टिक सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित करने को कहा गया।
वहीं, एसपी प्रेरणा कुमार ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने और पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।