अप्रैल 2027 तक लखीसराय बनेगा बाल विवाह मुक्त जिला, डीएम ने दिलाई सामूहिक शपथ
बाल विवाह उन्मूलन को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, सभी विभागों और समाज के लोगों से सामूहिक प्रयास की अपील
लखीसराय। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में शुक्रवार को बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में अप्रैल 2027 तक लखीसराय जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम शैलेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस सह मिशन शक्ति की नोडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान पदाधिकारियों को नवपौध भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं स्कूली छात्राओं आराध्या कुमारी एवं आयुषी विद्या ने बाल विवाह उन्मूलन पर आधारित गीत प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।
कार्यशाला में विभिन्न वक्ताओं ने बाल विवाह की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान, विभागीय समन्वय और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। विकासार्थ ट्रस्ट के जिला समन्वयक संजय कुमार ने रोकथाम के प्रयासों की जानकारी दी। महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बाल विवाह रैंकिंग में हुए सुधार और विभिन्न विभागों की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं जिला परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा ने गठित टास्क फोर्स एवं संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।
जिला बाल अधिकार सहयोगी एभीए छोटेलाल पाण्डेय ने पीपीटी के माध्यम से बाल विवाह रोकथाम के उपाय बताए। वहीं कवच के प्रतिनिधि ने आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।
इस अवसर पर डीएम शैलेंद्र कुमार ने उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य लोगों को बाल विवाह रोकथाम की सामूहिक शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति है, जिसका बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसे समाप्त करने के लिए सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने की भी बात कही।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, सिविल सर्जन जयप्रकाश सिंह, आईसीडीएस के धीरज कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।