बाल विवाह और नशे के खिलाफ जागरूकता की अलख, मालिया स्कूल में लगा विधिक जागरूकता शिविर
नालसा की पहल पर छात्र-छात्राओं को बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों और नशामुक्त समाज के महत्व की दी गई जानकारी
लखीसराय। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (बालसा), पटना एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), लखीसराय के संयुक्त निर्देश पर 14 से 27 नवंबर तक चलाए जा रहे विधिक जागरूकता अभियान के तहत चानन प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मालिया में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम एवं सचिव सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विद्यानंद सागर के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता शिक्षक मनोज कुमार महतो ने की, जबकि संचालन पारा विधिक स्वयंसेवक नीरज कुमार ने किया।
शिविर में मुख्य वक्ता पैनल अधिवक्ता सीतेश सुधांशु ने बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित जीवन और अपने भविष्य के सपने देखने का अधिकार है। 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह कानूनन अपराध है।
उन्होंने बताया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत दोषियों को दो वर्ष तक कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक जुर्माने की सजा का प्रावधान है। इस कानून के दायरे में बाल विवाह कराने या उसमें सहयोग करने वाले लोग भी आते हैं।
उन्होंने बाल विवाह की सूचना देने के लिए महिला हेल्पलाइन नंबर 181, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और आपातकालीन सेवा नंबर 112 की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह रोकना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
वहीं, नशामुक्ति पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए नशामुक्त समाज का निर्माण बेहद जरूरी है। गांधीजी के सपनों को साकार करने और देश को आगे बढ़ाने के लिए नशे से दूरी बनाना आवश्यक है।
मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।