समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 699, दिनांक 06.11.2026 **********************
*मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता, लापरवाही बरतने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, जिला पदाधिकारी*
**********************
आज दिनांक 06.11.2026 को श्री शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी, शेखपुरा की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति को लेकर उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष रूप से मध्याह्न भोजन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं जिले के विभिन्न प्रखंडों के विद्यालयों को केंद्रीकृत रसोईघर से जोड़ने के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई।समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्यालयों में बच्चों को उपलब्ध कराए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण, पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि भोजन की तैयारी से लेकर विद्यालयों तक आपूर्ति एवं वितरण की पूरी प्रक्रिया में निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो संबंधित जिम्मेदार पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में केंद्रीकृत रसोईघर के माध्यम से विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने के संबंध में भी चर्चा की गई। जिलें में सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान, चेवाड़ा के केंद्रीकृत रसोईघर से संचालित विद्यालयों के अतिरिक्त अरियरी प्रखंड के विद्यालयों को संबद्ध करने, सुभप्रभात एजुकेशन एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी, शेखपुरा के केंद्रीकृत रसोईघर से संचालित विद्यालयों के अतिरिक्त घाटकुसुम्भा प्रखंड के विद्यालयों को जोड़ने तथा माइक्रो एजुकेशन एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी, शेखोपुरसराय के केंद्रीकृत रसोईघर से संचालित विद्यालयों के अतिरिक्त बरबीघा प्रखंड के विद्यालयों को संबद्ध करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी महोदय ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मध्याह्न भोजन योजना का नियमित अनुश्रवण एवं निरीक्षण सुनिश्चित करें। विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की उपलब्धता तथा भोजन वितरण की व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही केंद्रीकृत रसोईघरों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि बच्चों को निर्धारित समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ विद्यालयों में बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण का ध्यान रखना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस दिशा में सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।
उक्त बैठक में अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, अपर समाहर्ता (जांच), जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ (स्थापना) सहित शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
District Administration Sheikhpura
CMO Bihar
#samratchoudhary
#CMSamrat
Sheikhpura, Bihar | Nov 6, 2026