समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 757, दिनांक 26.11.2026 **********************
*संविधान दिवस पर अनुमंडल पदाधिकारी ने पदाधिकारियों एवं कर्मियों को दिलाई संविधान की प्रस्तावना की शपथ*
**********************
संविधान दिवस के अवसर पर आज दिनांक 26 नवंबर 2026 को अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में भारत का संविधान को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी महोदया ने कार्यालय में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए संविधान के मूल आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया। इसमें भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म एवं उपासना की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के संकल्प को दोहराया गया। साथ ही प्रतिष्ठा एवं अवसर की समता, व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता तथा बंधुता की भावना को मजबूत बनाने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी ने संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों को अपने कार्यों और व्यवहार में आत्मसात करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक एवं सरकारी कर्मी का यह दायित्व भी है कि वह अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठापूर्वक निर्वहन करे।
उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा आम जनता के प्रति संवेदनशील रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित एवं आत्मार्पित किया गया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
उक्त अवसर पर श्री संतोष कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी, श्री आलोक कुमार, कार्यालय स्टेनो सहित अनुमंडल कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Samrat Choudhary
7 views | Sheikhpura, Bihar | Nov 27, 2026