*समाहरणालय,शेखपुरा*
*(जन सम्पर्क शाखा)*
*प्रेस विज्ञप्ति 758, दिनांक 26.11.2026 **********************
*संविधान दिवस पर समाहरणालय के मंथन सभागार में आयोजित हुआ कार्यक्रम, जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदय की उपस्थिति में अधिकारियों एवं कर्मियों ने लिया संविधान की प्रस्तावना का संकल्प*
**********************
आज दिनांक 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर समाहरणालय, शेखपुरा स्थित मंथन सभागार में जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद एवं श्री हिमांशु पुलिस अधीक्षक संयुक्त उपस्थिति में संविधान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा भारतीय संविधान के मूल आदर्शों, मूल्यों एवं सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया गया। उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने तथा देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ हमें अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक और जिम्मेदार बनाता है। संविधान में निहित मूल्यों एवं आदर्शों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त, समावेशी एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए संविधान के मूल सिद्धांतों का अनुपालन आवश्यक है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने भारतीय संविधान की ऐतिहासिक यात्रा और इसकी मजबूती पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "जब हमारा संविधान लागू हुआ था, तब कई अंतरराष्ट्रीय विश्लेषकों और टिप्पणीकारों ने यह आशंका जताई थी कि भारत जैसी विशाल विविधता वाला देश और यह संविधान पांच से दस साल से अधिक नहीं टिक पाएगा। लेकिन आज हमारे संविधान ने उन सभी आशंकाओं को गलत साबित करते हुए गौरवशाली 75 वर्षों का सफर पूरा कर लिया है। यह हमारे लोकतंत्र की मजबूती और संविधान निर्माताओं की दूरदर्शिता का प्रमाण है।"
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोदय ने संविधान की व्यावहारिक महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा, "भारतीय संविधान एक अत्यंत उत्कृष्ट दस्तावेज है। इसे केवल कागज के पन्नों पर लिखी हुई एक सामान्य किताब नहीं समझना चाहिए, बल्कि यह एक जीवंत दस्तावेज है जो हर नागरिक को उसके अधिकार देता है और हमें हमारे कर्तव्यों का बोध कराता है। प्रशासन और पुलिस के लिए यह संविधान ही सर्वोच्च मार्गदर्शक है।"
जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में निष्पक्षता, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा की। साथ ही आम नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें न्याय एवं समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास करने पर बल दिया। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया था। भारतीय संविधान 26 जनवरी 1950 को पूर्ण रूप से लागू हुआ। संविधान दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उक्त कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं समाहरणालय के कर्मी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Samrat Choudhary
8 views | Sheikhpura, Bihar | Nov 27, 2026