समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 760, दिनांक 27.11.2026 **********************
*बाल विवाह रोकथाम अभियान को लेकर जागरूकता रथ रवाना,*
**********************
अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति की रोकथाम एवं जन-जागरूकता को लेकर जिला स्तर पर विशेष अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर समाहरणालय परिसर से श्री शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी ने बाल विवाह निषेध रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाल एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस घोषित किया गया है। भारत में विवाह समारोहों के आयोजन की व्यापक अवधि को देखते हुए बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता एवं निवारक कार्रवाई को और तेज किए जाने की आवश्यकता है।
जिला स्तर से रवाना किए गए जागरूकता रथ के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों, इसके कानूनी प्रावधानों तथा बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के तहत सभी अनुमंडलों, प्रखंडों, पंचायतों एवं स्थानीय स्तर पर व्यापक जनजागरूकता और जनसंपर्क गतिविधियां संचालित किए जाने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत 60 दिवसीय विशेष अभियान का भी आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 19 नवंबर 2026 से 17 जनवरी 2027 तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य बाल विवाह की रोकथाम, बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना तथा समाज में बाल विवाह के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ जनसहभागिता भी आवश्यक है। जागरूकता रथ के माध्यम से जिले में इस संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है कि बाल विवाह न केवल बालिकाओं के भविष्य और शिक्षा को प्रभावित करता है, बल्कि उनके स्वास्थ्य एवं अधिकारों के लिए भी गंभीर चुनौती है।
इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, शेखपुरा, जिला मिशन समन्वयक जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ़ वीमेन, शेखपुरा केंद्र प्रशासक, वन स्टाप सेंटर शेखपुरा सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
District Administration Sheikhpura
Samrat Choudhary