समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 755, दिनांक 26.11.2026 **********************
*जिला पदाधिकारी ने जनता दरबार में सुनी आम लोगों की समस्याएं, संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का दिया निर्देश*
**********************
आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं प्रशासन तक आम लोगों की सीधी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 26 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद ने आम जनता की शिकायतों को सुना। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से जिला पदाधिकारी महोदय को अवगत कराया।
जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से जमीन एवं राजस्व से संबंधित मामले प्रमुखता से सामने आए। शिकायतकर्ताओं ने दाखिल-खारिज कराने में आ रही परेशानियों, झोपड़ी तोड़कर हटाने, जमीन पर कब्जा दिलाने तथा बंटेदार से जुड़े भूमि विवादों को लेकर अपनी समस्याएं रखीं। इसके अलावा घर के पास जनरेटर लगाए जाने से उत्पन्न हो रही परेशानी से संबंधित शिकायत भी जिला पदाधिकारी महोदय के समक्ष प्रस्तुत की गई। जिसपर जिला पदाधिकारी महोदय ने एक-एक कर सभी शिकायतकर्ताओं की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनकी समस्याओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच करते हुए सभी मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से भूमि एवं राजस्व से जुड़े मामलों में संबंधित पदाधिकारियों को निष्पक्ष जांच कराते हुए विवादों का समाधान करने तथा आम लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगवाने का निर्देश दिया। उन्होंने शिकायतों के शीघ्र निष्पादन पर जोर देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा प्रत्येक मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं को राहत पहुंचाई जाए।
जिला प्रशासन द्वारा आम जनता की शिकायतों को सुनने और उनके समाधान के लिए इस प्रकार की पहल से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
District Administration Sheikhpura
Samrat Choudhary
2 views | Sheikhpura, Bihar | Nov 26, 2026