समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 756, दिनांक 26.11.2026 **********************
*प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शेखपुरा में आशा दिवस का आयोजन, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं सामुदायिक जागरूकता पर विशेष जोर
**********************
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शेखपुरा में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की अध्यक्षता में आशा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला स्तर से डॉ. राय बहादुर, जिला गुणवत्ता यकीन सलाहकार, धर्मवीर चौधरी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रभाष पांडेय, बीसीएम शेखपुरा एवं जिला समन्वयक आरबीएसके सहित सभी आशा फैसिलिटेटर एवं आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान आशा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच (ANC), उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था (HRP) की समय पर पहचान, समुचित देखभाल एवं रेफरल, नियमित टीकाकरण, परिवार नियोजन तथा सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं के तहत गृह भ्रमण की महत्ता पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बच्चों के छह माह पूर्ण होने पर पूरक आहार की शुरुआत तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित अन्नप्राशन दिवस के महत्व पर भी चर्चा की गई। आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि अन्नप्राशन दिवस पर छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों के लिए उपहार स्वरूप आयरन सिरप लेकर जाएं तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार बच्चों को आयरन सिरप उपलब्ध कराएं, ताकि बच्चों में आयरन की कमी एवं एनीमिया की समस्या को कम किया जा सके। साथ ही 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को बुधवार एवं शनिवार को निर्धारित मात्रा में आयरन सिरप देने के संबंध में जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त, धान की फसल कटाई के पश्चात खेतों में पराली (पुआल/फसल अवशेष) जलाने से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने की जिम्मेदारी भी आशा कार्यकर्ताओं को दी गई। उन्हें गृह भ्रमण एवं सामुदायिक संपर्क के दौरान किसानों एवं ग्रामीणों को पराली नहीं जलाने, इसके पर्यावरण, वायु गुणवत्ता तथा मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में जानकारी देने एवं फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आशा कार्यकर्ताओं के ज्ञान एवं कार्यक्षमता को सुदृढ़ करना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा समुदाय तक स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता संबंधी संदेशों को प्रभावी रूप से पहुंचाना रहा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Samrat Choudhary
Bihar Health Department
5 views | Sheikhpura, Bihar | Nov 27, 2026