*समाहरणालय,शेखपुरा*
*(जन सम्पर्क शाखा)*
प्रेस विज्ञप्ति 754, दिनांक 25.11.2026 **********************
*पीएम सूर्य घर मुफ्त योजना की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए
लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करें बैंक, अनावश्यक विलंब पर शाखा प्रबंधकों के विरुद्ध होगी कार्रवाई*
**********************
आज दिनांक 25.11.2026 को जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा को लेकर अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक लाभुकों को जोड़ने, आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने तथा बैंकों में लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभुकों से आवेदन करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह योजना आम लोगों को सौर ऊर्जा के माध्यम से बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने तथा बिजली पर होने वाले खर्च को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसलिए योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर सक्रियता के साथ कार्य करें।
जिला पदाधिकारी महोदय ने विशेष रूप से बैंकों में लंबित आवेदनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित बैंक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने स्तर से लंबित आवेदनों की जांच कर उनका यथाशीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। आवेदन में यदि किसी प्रकार की त्रुटि या कमी है तो संबंधित आवेदक को इसकी जानकारी देते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि पात्र लाभुकों को योजना का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई नहीं हो। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बैंकों द्वारा आवेदनों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब किया जाता है, तो संबंधित शाखा प्रबंधकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर योजना के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी योजना के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने तथा आवेदन से लेकर अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में लाभुकों को सहयोग प्रदान करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विभागीय पदाधिकारी नियमित रूप से योजना की प्रगति की निगरानी करें तथा आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त, लीड बैंक शाखा प्रबंधक, सीएम फेलो, सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी, सहायक अभियंता विद्युत, सभी कनीय अभियंता (जूनियर इंजीनियर) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Samrat Choudhary
Energy Department, Bihar