समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 761, दिनांक 27.11.2026 **********************
*शेखपुरा में निर्वाचन साक्षरता क्लबों की विधानसभा स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों को मतदान के प्रति किया गया जागरूक*
**********************
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आलोक में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के तत्वावधान में आज दिनांक 27 नवंबर 2026 को शेखपुरा समाहरणालय स्थित कृष्ण सभागार में विधानसभा स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उप निर्वाचन पदाधिकारी, शेखपुरा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें जिले के दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता में 169-शेखपुरा एवं 170-बरबीघा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से आये छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच लोकतांत्रिक व्यवस्था, निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता अधिकार एवं मतदान के महत्व से संबंधित विषयों पर जानकारी साझा की गई। उक्त
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना तथा उनमें चुनावी साक्षरता को बढ़ावा देना था। इस प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक योग्य नागरिक की मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। मतदान केवल एक अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण नागरिक जिम्मेदारी भी है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने तथा बिना किसी प्रलोभन या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें अपने परिवार, आसपास के लोगों एवं समाज के अन्य सदस्यों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से निर्वाचन साक्षरता क्लबों की भूमिका को भी रेखांकित किया गया। इन क्लबों के जरिए विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी देकर भविष्य में जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय मतदाता के रूप में तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर सहायक उप निर्वाचन पदाधिकारी, शिक्षकगण सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के आयोजन से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना विकसित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति सकारात्मक समझ बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
District Administration Sheikhpura
Chief Electoral Officer, Bihar
Samrat Choudhary