जल-जीवन-हरियाली दिवस पर डीएम ने दिया जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश।
अमृत सरोवरों पर सोलर प्लेट लगाने और जलकुंभी से एथेनॉल उत्पादन का प्रस्ताव भेजने का निर्देश।
लखीसराय। गगन दीप की रिपोर्ट जल संरक्षण, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संवर्धन के संकल्प के साथ मंगलवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जल-जीवन-हरियाली दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार ने जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार को पौधा भेंट कर किया। इस दौरान जल-जीवन-हरियाली अभियान के उद्देश्यों एवं इसके महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।
मौके पर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान बिहार सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करना, जल स्रोतों का संरक्षण करना और हरित आवरण में वृद्धि करना है। उन्होंने अमृत सरोवरों के ऊपर सोलर प्लेट स्थापित करने का सुझाव देते हुए संबंधित विभाग को इस दिशा में प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे जल संरक्षण के साथ-साथ सौर ऊर्जा का उत्पादन भी संभव होगा। इस पहल को उन्होंने 'नीचे मछली, ऊपर बिजली' की अवधारणा से जोड़कर देखने की बात कही।
डीएम ने जलकुंभी से एथेनॉल उत्पादन की संभावनाओं पर भी चर्चा की और संबंधित विभाग को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर भेजने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण के साथ सतत विकास को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में बताया गया कि जल-जीवन-हरियाली अभियान का मुख्य उद्देश्य जल का संरक्षण एवं संवर्धन, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना, अधिकाधिक वृक्षारोपण करना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखना है। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए होल्डिंग, फ्लेक्स, नुक्कड़ नाटक, सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों का सहारा लिया जा रहा है। साथ ही प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से भी लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जल-जीवन-हरियाली दिवस प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को मनाया जाता है।
इस अवसर पर एसपी प्रेरणा कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।